गाजियाबाद। सीमापुरी कट के पास से रेकी कर दोपहिया वाहन चोरी करने वाले तीन शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की तीन बाइक, दो स्कूटी और दो चाकू बरामद किए हैं। आरोपी दिल्ली समेत आसपास चोरी की वारदात करते थे। साहिबाबाद एसएचओ विष्णु कौशिक ने बताया कि साहिबाबाद पुलिस सीमापुरी कट के पास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक दो बाइक पर तीन लोग आते दिखे। पुलिस को देखकर वह भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। तलाशी में आरोपियों के पास से दो चाकू मिले। जांच में बाइक चोरी की निकली। पुलिस तीनों को पकड़कर थाने ले आई। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक अन्य बाइक और दो स्कूटी बरामद की। एसएचओ ने बताया कि पकड़े गए आरोपी आरिफ निवासी लक्ष्मी सिटी चिरोड़ी लोनी, साहिल और फैजान निवासी गरिमा गार्डन टीलामोड़ हैं। आरोपियों पर कई मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। आरोपियों ने एक बाइक साहिबाबाद, एक इंदिरापुरम और अन्य वाहन दिल्ली से चोरी किए थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह सुनसान क्षेत्र में खड़े वाहनों के हैंडल लॉक तोड़कर चोरी करते हैं। इसके बाद उन वाहनों को बेचकर मिलने वाले रुपये से परिवार का पालन पोषण करते हैं।
















