गाजियाबाद। कमला नेहरू नगर स्थित आठवीं बटालियन एनडीआरएफ में हमारा देश, हमारे जवान ट्रस्ट ने सोमवार को द्वीप जलाकर दिवाली की शुरूआत की। बटालियन के मीडिया प्रभारी वसंत पावडे ने बताया कि हमारा देश हमारे जवान ट्रस्ट की मुखिया भावना शर्मा अपने टीम के साथ बटालियन में पहुंची। ट्रस्ट हर दिवाली को एक दिया शहीद के साथ की मुहिम चलाता है। जिसमें इस वर्ष आठवीं बटालियन एनडीआरएफ के शहीद स्थल पर द्वीप जलाकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। 
बटालियन में तैनात पदाधिकारी एवं जवानों को मिठाई खिलाकर दीवाली की शुरुआत की गई। उन्होंने जवानों के साथ जय हिंद एवं भारत माता की जय के नारे लगाए। बटालियन कमांडेंट पीके तिवारी ने भावना शर्मा एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि देश के जवान रात दिन निस्वार्थ भावना से देश की सेवा में कार्यरत रहते हैं, लेकिन सामाजिक संगठन जवानों के त्याग एवं बलिदान को समझते हैं तथा उनके साथ खड़े रहते हैं तब हमें देश की सेवा के लिए और भी बल प्रदान होता है। इस दौरान डॉ. जेके पांडेय, अमित मुरारी सीएमओ (एसजी) डिप्टी कमांडेंट, कुलीश आनंद समेत सभी पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
















