होली पर दो भाईयों की सड़क हादसे में मौत

बरेली। होली वाले दिन रामेन्द्र गंगवार अपने चचरे भाई अमित कुमार को साथ लेकर बाइक से अपनी ननिहाल गांव रोहला व यहां से दोस्त के यहां गांव वसुधरन जागीर से होली खेलने गये थे। दोनों भाई बाइक से होली खेलकर वापस लौट रहे थे तभी देवरनिया कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत इटौआ-वसुधरन रोड पर गांव कमालपुर के पास सामने से तेज गति से आती मारुति वैन ने टक्कर मार दी। जिससे दोनों भाईयों की‌ मौके पर ही मौत हो गयी। बता दें मारुति वैन मे चालक समेत चार लोग सवार थे जो नशे मे धुत थे। हादसे के बाद चारों वैन छोडकर भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मारुति वैन व बाइक को कब्जे मे ले लिया है। वहीं दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बता दें अमित कुमार व रामेन्द्र गंगवार इन्टर के छात्र थे। दोनों बरेली के सेक्रेड हार्ट स्कूल मे पढते थे।
इसके अलावा रामपुर रोड पर सूद धर्म कांटे के सामने एक नंबर रोड के पास एक प्राइवेट बस ने ऑटो में टक्कर मार दी। फतेहगंज पश्चिमी से होली मिल कर बरेली लौट रहे ऑटो में सवार 4 बच्चों सहित आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। जिसके बाद बच्चों को फौरन अस्पताल ले जाया गया जहां एक बच्चे की मौत हो गई है। वहीं हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया है।
वहीं, फतेहगंज पूर्वी में नई कॉलोनी निवासी अन्नू शर्मा ने होली वाले दिन जमकर शराब पी और नशे की हालत में वह अपने घर जा रहा था। रास्ते में ठोकर लग जाने से वह गिर पड़ा जिसके कारण वह उठ नहीं पाया। कुछ समय के बाद जब लोगों ने उसे उठाया तो वह मृत अवस्था में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है।