एक माह से भी कम अवधि में काम पूरा होगा
पालिकाध्यक्ष ने आधारशिला रख दिशा निर्देश जारी किए
उदय भूमि ब्यूरो, गढ़ुक्तेश्वर।
गढ़ में 85 लाख की लागत से बनने वाली दो सीसी रोड की पालिकाध्यक्ष ने आधारशिला रखकर एक माह से भी कम अवधि में काम पूरा होने और निर्धारित मानक की अनदेखी होने पर कड़ी कार्रवाई का दावा किया।
गढ़ में बारादरी मैदान से लेकर पुरानी तहसील के सामने से होते हुए चटाई वाले महल्ला और वार्ड 23 में सीसी रोड का निर्माण होना है, जिनकी बुधवार को पालिकाध्यक्ष सोना सिंह ने फीता काटने के उपरांत नारियल फोड़कर वैदिक रीति रिवाज के बीच आधारशिला रखी। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि बारादरी मैदान से लेकर मोहल्ला चटाई वाले तक 70 लाख और वार्ड 23 में बनने वाली सीसी रोड पर 15 की लागत आएगी। उन्होंने बताया कि उक्त दोनों सीसी रोड का निर्माण 14 वें वित्त आयोग से मिली राशि से कराया जा रहा है, जिसे अधिकतम एक माह की अवधि में पूरा करा लिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि सीसी रोड के निर्माण में किसी भी स्तर पर निर्धारित मानक की कोई अनदेखी होने की दशा में भुगतान पर रोक लगाकर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। अवर अभियंता प्रीति अग्रवाल, सभासद बबलू यादव, मौमीन खां, सुरेंद्र सिंह, सिद्धू, उस्मान चौधरी, आदित्य चौहान, मोहन आहूजा, गौरव भारद्वाज, इसहाक चौधरी, चंचल सिंह, कमाल गाजी, शहजाद खां, बोबी आजाद समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।















