अनोखा आंदोलन: समान मुआवजे की मांग को लेकर किसान दिल्ली मेरठ मार्ग पर घुटनों के बल चले

 

आप सांसद संजय सिंह मंगलवार को किसानों की मांगों का समर्थन करने तहसील पहुचेंगे

उदय भूमि ब्यूरो
मोदीनगर। समान मुआवजा व अन्य मांगों को लेकर सोमवार को किसान दिल्ली मेरठ मार्ग पर राज चौपले से लेकर तहसील तक घुटने के बल पर चलकर गए। मांगों पर कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलने के कारण किसानों ने अब तहसील परिसर में ही अनिश्चिकॉलीन धरना शुरु कर दिया। इस दौरान लोगों को हाईवे पर जाम का सामना करना पड़ा। दोपहर करीब 12 बजे सैंकड़ों किसान राज चौपला पहुंचे। फिर यहां से तहसील की ओर चल दिए। इनमें कुछ किसान घुटनों के बल पर चल रहे थे। दोपहर करीब दो बजे किसान तहसील परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आप के प्रदेश सचिव नबाव सोनी के नेतृत्व में पार्टी के कार्यकर्ता किसानों के आंदोलन का समर्थन किया। सोनी ने बताया कि आप सांसद संजय सिंह मंगलवार को किसानों की मांगों का समर्थन करने तहसील पहुचेंगे। आप कार्यकर्ताओं में सत्यपाल प्रेमी, राकेश भारद्वाज, रामनिवास मिर्धा, प्रेम चंद गर्ग, रामनिवास मिर्धा, अमित रुहेला व रजित ठाकुर आदि शामिल हुए।
————
प्रशासन व किसानों के बीच वार्ता बेनतीजा:
बैठक में प्रशासन की ओर से एडीएम एलए, उपजिलाधिकारी सौम्या पांडे व तहसीलदार उमाकांत तिवारी व किसान प्रतिनिधि के रुप में दलवीर सिंह ,सतीश राठी ,अनिल भोजपुर, हाजी अल्ताफ ,बबली गुर्जर मौजूद रहे। करीब तीस मिनट से अधिक समय चली बैठक बेनतीजा रही। बैठक में कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलने पर किसानों ने तहसील परिसर मेंं अनिश्चितकालीन धरना शुरु कर दिया है। राज चौलपा से लेकर तहसील तक कुछ किसानों के घूटनों के बल चलने से करीब दर्जनभर किसान घायल हो गए। उधर जूलूस के कारण हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही। बतादें कि समान मुआवजे की मांग को लेकर किसान काफी समय से आंदोलन पर हैं।