गाजियाबाद से गोरखपुर तक 24 जिलों में अंग्रेजी की परीक्षा निरस्त, यूपी बोर्ड 12वीं का पेपर हुआ लीक

गाजियाबाद में एग्जाम रद्द होने से विद्यार्थियों को निराशा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद 12वीं का अंग्रेजी विषय का प्रश्न पत्र बुधवार को लीक होने से एकाएक हड़कंप मच गया। ऐसे में उप्र सरकार और यूपी बोर्ड में अफरा-तफरी मच गई। बाद में 24 जिलों में परीक्षा निरस्त करने का निर्णय लेना पड़ा। यह परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर दो बजे आयोजित होनी थी। उधर, पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। सरकार ने कहा है कि पेपर लीक मामले से जुड़े सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाएं चल रही हैं। इसी क्रम में बुधवार को द्वितीय पाली में 12वीं का अंग्रेजी विषय का पेपर था। इससे कुछ घंटे पहले यह प्रश्न पत्र लीक कर दिया गया। पेपर लीक होने की खबर से सरकार से लेकर यूपी बोर्ड तक में हड़कंप मच गया। तदुपरांत 24 जिलों में आानन-फानन में पेपर निरस्त करने का निर्णय लिया गया। अंग्रेजी विषय की सीरीज-316 ई डी तथा 316 ई आई के प्रश्न पत्र लीक होने की जानकारी सामने आई है। यूपी माध्यमिक शिक्षा परिषद के शिक्षा निदेशक एवं सभापति विनय कुमार पांडेय ने परीक्षा निरस्त होने की जानकारी दी है।

आदेश में अवगत कराया गया कि 24 जनपदों को छोड़कर बाकी जगह पर यह परीक्षा यथावत आयोजित की जाएगी। जनपद बलिया में यह प्रश्न पत्र लीक होने की खबर सामने आई है। इसके बाद बलिया, एटा, बागपत, बदायूं, सीतापुर, कानपुर देहात, ललितपुर, चित्रकूट, प्रतापगढ़, गोंडा, आजमगढ़, आगरा, वाराणसी, मैनपुरी, मथुरा, अलीगढ़, शामली, शाहजहांपुर, उन्नाव, जालौन, महोबा, अम्बेडकर नगर, गोरखपुर व गाजियाबाद में पेपर निरस्त किया गया है।