महिलाओं को अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक
उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। मुरादनगर प्राथमिक विद्यालय खुरर्मपुर प्रथम में महिलाओं व बालिकाओं के सम्मान व सुरक्षा के लिए बुधवार को मिशन शक्ति कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बृजभूषण चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सशक्त करना एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को स्वावलंबी बनाना इस मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य है। 
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका लक्ष्मी त्यागी व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा विद्यालय की मेधावी छात्राओं एवं विभिन्न तरीकों से विद्यालय को सहयोग कर रही ग्रामीण महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वाहिनी फाउंडेशन की संचालिका सीमा त्यागी का भी शॉल ओढ़ाकर व उपहार भेंट कर सम्मान किया गया। प्रधानाध्यापिका ने बताया कि विद्यालय में शिक्षामित्र के पद पर कार्य कर रही शर्मिष्ठा मलिक की नियुक्ति हापुड़ जिले में सहायक शिक्षिका के पद पर हो गयी है।
लक्ष्मी त्यागी ने बताया कि शर्मिष्ठा मिशन शक्ति का एक जीवंत उदाहरण है। उन्होंने परिवार व विद्यालय दोनों की जिम्मेदारियों को बखूबी निभाते हुए सरकार द्वारा नियत परीक्षाओं में सफलता हासिल की। शर्मिष्ठा द्वारा विद्यालय के बच्चों के लिए एक सैमसंग स्मार्ट टीवी भेंट किया गया है जो वास्तव में बड़ी बात है। खण्ड शिक्षा अधिकारी पवन भाटी ने महिलाओं को मुख्य हेल्पलाइन नम्बर व महिलाओं की सुरक्षा के लिए बने विभिन्न कानूनों के विषय मे विस्तार से जानकारी दी। संघ के प्रांतीय मंत्री डॉ अनुज त्यागी ने कहा कि समाज व देश की वास्तविक प्रगति तभी होगी जब देश की महिलाएं स्वावलंबी होंगी व तरक्की करेंगी। जिला समन्वयक गौरव त्यागी ने कहा कि बेटा व बेटी में कोई भेद नहीं है बेटियां आज सभी क्षेत्रों में बेटों से बेहतर कार्य कर रही हैं। इस दौरान खण्ड शिक्षा अधिकारी मुरादनगर प्रवीण अग्रवाल, शिक्षक संघ के प्रांतीय मंत्री डॉ अनुज त्यागी लक्ष्मी त्यागी,ब्लॉक अध्यक्ष अमित यादव, सीमा त्यागी,अर्चना, कनक त्यागी, निशि शर्मा, मनीला गुप्ता, पूनम त्यागी, सुमन,काजल, ममता खन्ना, अनिता, मोनिका त्यागी, अजय, प्रमोद, रामकिशोर, रुचिका जैन, नवीन, मृदुला, रीता आदि उपस्थित रहे।
















