विस चुनाव से पहले जातीय समीकरण साधने के प्रयास
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले विधान सभा चुनाव की सुगबुगाहट तेज हो रही है। इसके मद्देनजर सभी राजनीतिक दल अभी से गोटियां बैठाने की जुगत में लग गए हैं। विधान सभा चुनाव से पहले भाजपा भी जातीय समीकरण को साधने की कोशिश में नजर आ रही है। लिहाजा योगी आदित्यनाथ सरकार एक बार फिर मंत्रिपरिषद का विस्तार करने जा रही है। रविवार की शाम कैबिनेट विस्तार होने की प्रबल संभावना है। चर्चा है कि 6 से 7 नए चेहरे मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं।
मंत्रिपरिषद विस्तार की कवायद के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार की शाम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात कर सकते हैं। योगी सरकार की कैबिनेट में 6 से 7 नए मंत्री बनाए जाने की चर्चाएं जोरों पर चल रही हैं। चर्चा है कि जितिन प्रसाद, संगीता बलवंत बिंद, छत्रपाल गंगवार, संजय गौड़, धर्मवीर प्रजापति, पलटूराम और तेजपाल नागर को मंत्री पद सौंपा जा सकता है। इसके अलावा बेबी रानी मौर्य और एके शर्मा भी मंत्री पद की दौड़ में शामिल बताए गए हैं। सूत्रों का कहना है कि जितिन प्रसाद को मंत्री पद देकर भाजपा ब्राह्मणों की नाराजगी को दूर करने का प्रयास कर सकती है।
कांग्रेस से भाजपा में जितिन प्रसाद मिनिस्टर पद की दौड़ में सबसे आगे बताए जाते हैं। उधर, गाजीपुर की सदर सीट से विधायक संगीता बलवंत बिंद को भी मंत्री बनाए जाने की चर्चा चल रही है। ऐसा कर भाजपा निषाद समाज को खुश करने का प्रयास करेगी। दादरी से विधायक तेजपाल नागर गुर्जर समाज से ताल्लुक रखते हैं। उन्हें मंत्री बनाकर गुर्जर समाज को साधने में सफलता मिल सकती है।
















