गजब : हवाई जहाज में लगी गर्मी, विंग पर टहलने लगी महिला, इमरजेंसी द्वार खोलकर निकल आई बाहर

नई दिल्ली। यूक्रेन में विमान में सवार महिला यात्री का अजीबो-गरीब कारनामा सामने आया है। लैंडिंग के समय विमान में गर्मी लगने पर महिला इमरजेंसी द्वार को खोलकर बाहर निकल आई। बाद में वह विंग पर बड़े आराम से टहलने लगी। यह देखकर विमान कंपनी के होश उड़ गए। यूक्रेन इंटरनेशनल एयरलाइंस ने इस महिला यात्री को ब्लैक लिस्ट कर दिया है। सोशल मीडिया पर इस घटनाक्रम का वीडियो खूब वायरल हो रहा है। तुर्की के अंताल्या से छुट्टी मनाकर यह महिला यूक्रेन लौट रही थी। यूक्रेन के कीव में विमान की लैंडिंग होने पर महिला को गर्मी का अहसास होने लगा। ऐसे में किसी से पूछे बगैर वह विमान का इमरजेंसी गेट खोल कर विंग पर चढ़ गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में महिला को विंग पर आराम से टहलते देखा जा सकता है। यूक्रेन इंटरनेशनल एयरलाइंस ने इस घटनाक्रम की पुष्टि भी की है। एयरलाइंस ने इस महिला को ब्लैक लिस्ट कर दिया है। भविष्य में वह यूक्रेन इंटरनेशनल एयरलाइंस की किसी भी फ्लाइट में सवार नहीं हो सकेंगी। विमान का इमरजेंसी द्वार खोलकर बाहर आने के बारे में पूछे जाने पर महिला ने जवाब दिया कि उसे विमान के भीतर काफी गर्मी लग रही थी। महिला की इस हरकत से एयरलाइंस का स्टाफ और बाकी यात्री भी हैरान रह गए। महिला की हरकत से घबरा कर एयरलाइंस स्टाफ ने पुलिस और एंबुलेंस को वहां बुला लिया था। पुलिस ने महिला को कड़ी नसीहत देकर छोड़ दिया। उधर, सोशल मीडिया पर यह वीडियो देखकर यूजर्स तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। वायरल होने के बाद इस वीडियो को काफी संख्या में देखा गया है।