कृषि भूमि दिलाने के नाम पर व्यक्ति से 1 करोड़ 64 लाख ठगे

उदय भूमि ब्यूरो
मोदीनगर।
गांव रावली कलां में कृषि भूमि दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से 1 करोड़ 64 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पैसे वापस मांगने पर पीडि़त को परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर दस लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय गोविन्दपुरी कॉलोनी निवासी सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि अगस्त सन 2015 में उनकी मुलाकात नगर की एक कॉलोनी निवासी एक युवक से हुई। उक्त युवक ने उनको बताया कि इस समय प्रॉपट्री बूम चल रहा और गांवों में सस्ती जमीन मिल रही है। इसके बाद उनकी एक अन्य युवक व एक प्रॉपट्री डीलर से उसकी मुलाकात करवाई गई। बाद में उनको मुरादनगर थाना क्षेत्र के गांव रावली कलां में कृषि भूमि दिखाई। सौदा तय करने के लिए किसानों से मिलवाया गया। काफी जद्दोजहद के बाद सौदा तय हुआ। सत्यप्रकाश सिंह ने पेशगी के तौर पर चैंक के माध्यम से दस लाख रुपये दे दिए। 16 अक्टूबर को मोदीनगर तहसील में रजिस्ट्रार कार्यालय में बिचौलियों ने किसानों से ग्यारह महीने का एग्रीमेंट करा दिया। सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि इसी बीच बिचौलियों ने विभिन्न तारीख को 1 करोड़ 64 लाख रुपये नकद ले लिए गए। जब बैनामा कराने का समय आया तो किसान व बिचौलिया आनकानी करने लगे और और तारीख पर तारीख देते रहे। बैनामा न होने पर सत्यप्रकाश सिंह ने उक्त लोगों से जब अपने पैसे वापस मांगे तो वह परिवार सहित जाने से मारने की धमकी देने लगे। पीडि़त ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने एसपी देहात को जांच के आदेश दिए। एसपी देहात की जांच में मामला सही पाय गया और मोदीनगर थाने को रिपोर्ट दर्ज के आदेश दिए गए। अतिरिक्त थानाप्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रहीश अहमद उर्फ सोनू ,प्रोपट्री डीलर पकंज मलिक ,विनोद कुमार देवेन्द्र गुप्ता निवासी मोदीनगर के अलावा किसान प्रमोद त्यागी ,मुकेश कुमार ,मुनेश कुमार ,प्रभास व सुमित्रा देवी निवासी गांव रावली कलां मुरादनगर के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज जांच शुरु कर दी गई है।