लापरवाही से लगातार हो रहे हैं हादसे
उदय भूमि ब्यूरो
हापुड़।
जनपद में तेज रफ्तार का कहर थम नहीं रहा है। आज जनपद हापुड़ में अलग-अलग दो हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई तथा एक बुरी तरह घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। एक हादसे में रामपुर निवासी एक युवक अंकित अपनी मां के साथ गढ़मुक्तेश्वर से अपने गांव रामपुर के लिए लौट रहा था। जैसे ही वह उपेड़ा के निकट फ्लाईओवर पर पहुंचा एक तीव्र गति से आ रही डग्गामार ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे मां बेटे दोनों सड़क पर गिर गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी की अंकित व उसकी मां दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जैसे ही उनकी मौत का समाचार परिजनों को मिला। घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दूसरी एक अन्य घटना में रात्रि में ड्यूटी कर लौट रहे थाना हाफिजपुर के गांव सामी हिमायुपुर निवासी युवक संजीव शर्मा की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। जबकि उसका दूसरा अन्य साथी बुरी तरह घायल हो गया। टक्कर मारने वाले वाहन का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है।















