चुनौती और दायित्व: मानसिंह गोस्वामी को भाजपा में नई जिम्मेदारी

-सदस्यता अभियान के पश्चिम क्षेत्र प्रमुख बनाए गए

हापुड़। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मानसिंह गोस्वामी को पुन: नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें सदस्यता अभियान का पश्चिम क्षेत्र प्रमुख बनाया गया है। उत्तर प्रदेश में पश्चिम उत्तर प्रदेश को नंबर-1 बनाने के लिए गोस्वामी को यह दायित्व मिला है। पार्टी द्वारा सौंपी गई इस जिम्मेदारी को उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर बेहतर नतीजे लाने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। मानसिंह गोस्वामी वर्तमान में भाजपा की पउप्र इकाई के उपाध्यक्ष के अलावा जनपद हापुड़ के प्रभारी भी हैं। वह गाजियाबाद में महानगर अघ्यक्ष की जिम्मेदारी भी बखूवी ढंग से निभा चुके हैं। मधुर एवं सौम्य व्यवहार के कारण वह प्रत्येक कार्यकर्ता को एक मुलाकात में अपना बना लेने की काबिलियत में माहिर हैं। मानसिंह गोस्वामी की कार्यकुशलता को देखकर भाजपा ने उन्हें एक बार फिर अह्म दायित्व सौंपा है। उन्हें सदस्यता अभियान का पश्चिम प्रमुख बनाया गया है। उन्हें 28 हजार बूथों पर भाजपा को मजबूत करने की चुनौती मिली है। प्रत्येक बूथ पर कम से कम 100 सदस्य बनाए जाएंगे। 19 जिलों में उन्हें इस दायित्व का निर्वहन करना होगा। सदस्यता अभियान में समूचे उत्तर प्रदेश को पहले नंबर पर लाने के लिए मानसिंह गोस्वामी ने कमर कस ली है। नई जिम्मेदारी को लेकर वह बेचैन या तनाव में नहीं बल्कि काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि प्रत्येक चुनौती कुछ न कुछ अनुभव देती है। विषम परिस्थितियों में काम करना ज्यादा अच्छा लगता है। उन्हें नतीजों की कोई परवाह नहीं है। सिर्फ भाजपा को मजबूत कर अधिकाधिक कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोडऩे के लक्ष्य को लेकर वह आगे बढ़ेंगे। इसी क्रम में रामपुर और मुजफ्फरनगर जिले की बैठक की तैयारी के संदर्भ में मानसिंह गोस्वामी ने क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल के साथ चर्चा की। उन्हें भावी रणनीति से अवगत कराया गया। मोहित बेनीवाल ने भी जरूरी बिंदुओं की जानकारी दी। इस अवसर पर अध्यक्ष विजय शुक्ला, महामंत्री विनीत कात्यान, विजय सैनी, सुषमा पुंडीर, कार्यकारिणी सदस्य अभिषेक कुमार, तेजपाल गुर्जर, धर्मेंद्र तायल, अजय पाल, तरूण कुमार व सीमा गोस्वामी आदि मौजूद रहे।