बरेली। मंडलायुक्त आर रमेश कुमार ने कहा कि गरीब कल्याण दिवस के आयोजन को भव्य रूप दिया जाए और जन सहभागिता अवश्य सुनिश्चित की जाए। ग्रामीण स्तर पर गरीबों के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने पूरे मंडल में गरीब कल्याण दिवस की सफलता सुनिश्चित करने के लिए मंडल के सभी 52 विकास खंडों में एक एक अधिकारी को नोडल अधिकारी के रूप में डयूटी भी लगा दी है।
उल्लेखनीय है कि आज मंडल के सभी 52 ब्लॉक में गरीब कल्याण दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इसी सम्बंध में मंडलायुक्त इस आयोजन की तैयारियों के सम्बंध में कमिश्नरी सभागार में आयोजित एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
बैठक में अपर आयुक्त श्री अरुण कुमार के साथ मंडल के जनपदों के मुख्य विकास अधिकारी तथा अन्य सम्बंधित अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में अवगत कराया गया कि गरीब कल्याण दिवस के अवसर पर बरली के सभी ब्लाकों पर 6400 से अधिक लोगों को कोरोना वैक्सीनेशन का लक्ष्य रखा गया है। इसी प्रकार मंडल के अन्य जनपदों में भी वृहद स्तर पर वैक्सीनेशन किया जाएगा। मंडलायुक्त ने कहा कि प्रयास होना चाहिए कि अधिक से अधिक संख्या में ग्रामीणों को वैक्सीन लगाई जाए। इस अवसर पर प्रत्येक ब्लॉक में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत बरेली में प्रत्येक ब्लॉक पर 50 से अधिक लाभार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।















