सड़क हादसे में पालिका अध्यक्ष के फुफेरे भाई की मौत

हाईवे पर पूर्व सभासद सहित तीन घायल

गढ़मुक्तेश्वर। फुलड़ी गांव के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर अज्ञात वाहन ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। जिसमें एक बाइक पर सवार नगर पालिका अध्यक्ष के फुफेरे भाई की मौत हो गई तथा नगर पालिका के पूर्व सभासद सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घायलों को उपचार हेतु स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना के दौरान हाइवे पर भीषण जाम लग गया। नगरपालिका अध्यक्ष सोना सिंह के फुफेरे भाई राम किशन  मोहल्ला आदर्शनगर निवासी राजमिस्त्री का काम करते थे। उन्होंने क्षेत्र के गांव फुलड़ी में एक मकान के निर्माण का ठेका ले रखा था। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे वह साथी पूर्व नगर पालिका सभासद तिलकराम, अंकित, मनीष के साथ अलग-अलग दो बाइकों पर सवार होकर जा रहे थे। जैसे ही वह फुलड़ी गांव के निकट हाईवे पर पहुंचे तभी पीछे से अज्ञात वाहन ने उनकी दोनों बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में रामकिशन की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया तथा  शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के दौरान हाईवे पर भीषण जाम लग गया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।नगर पालिका अध्यक्ष सोना सिंह के फुफेरे भाई की सूचना पर नगर में शोक की लहर दौड़ गई।