– मुक्तेश्वरा के ग्राम प्रधान जयवीर गुर्जर लोगों के घर-घर जाकर उन्हें वैक्सीनेशन सेंटर तक ला रहे हैं
उदय भूमि ब्यूरो
हापुड़। गांव की आबादी लगभग ढाई हजार है। प्राथमिकता के आधार पर 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगाए जा रहे हैं। लोग डरे हुए थे वैक्सीन नहीं लगवाना चाह रहे थे, वैक्सीनेशन केंद्र तक जाने में भी डर रहे थे। ऐसे लोगों को ग्राम प्रधान ने मोटिवेट किया और उन्हें विश्वास दिलाया कि वैक्सीनेशन से उन्हें फायदा होगा और उन्हें कोरोना वायरस का संक्रमण नहीं होगा।
ग्राम प्रधान घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं उन्हें समझा रहे हैं और लोगों से यह अपील भी कर रहे हैं कि वह अन्य गांव में रहने वाले अपने रिश्तेदारों को भी वैक्सीनेशन लगाने के लिए प्रेरित करें। पिछले दिनों हापुड़ के डीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ग्राम प्रधानों से बात की थी।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुए इस बैठक में ग्राम प्रधान जयवीर गुर्जर ने डीएम के समक्ष वैक्सीनेशन को लेकर होने वाली असुविधा और स्वास्थ्य केंद्र की दूरी की बात कही। इस पर डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को विशेष निर्देश दिया की स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रधान जयवीर गुर्जर से बातचीत कर गांव में ही कैंप लगाएं।
प्रधान जयवीर ने बताया कि गांव में पहले चरण में 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए कैंप लगाया गया है और दो-तीन दिन बाद 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए भी कैंप लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि गांव के लोग डरे हुए थे और वह वैक्सीन नहीं लगवाना चाह रहे थे। ऐसे में सबसे पहले उन्हें आश्वस्त किया गया कि वैक्सीन से उन्हें फायदा मिलेगा।
जयवीर प्रधान ने बताया कि गांव के जागरूक नागरिकों की एक टोली गठित की गई है। सभी ने कसम ली है कि कोरोना वैक्सीन को लेकर किसी भी तरह की अफवाह व भ्रांति नहीं फैलने दी जाएगी और गांव में शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन कराया जाएगा। इसके लिए गांव के सभी लोगों की सूची तैयार हैं। यह पूरी तरह सुरक्षित एवं प्रभावकारी है। इसे लेने में कसी प्रकार का डर या असुरक्षा नहीं है।
गांव के लोगों को डरने की जरूरत नहीं। लोग निर्भीक होकर टीका लें। खुद को सुरक्षित रखें और देश की भी सुरक्षा करें। जयवीर प्रधान गुर्जर ने जिस तरह गांव के लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित किया है, वह अन्य लोगों के लिए नजीर है। उन्होंने समाज के बुद्धिजीवियों से वैक्सीनेशन के प्रति आम जन को जागरूक करने की अपील की है।

















