उपलब्धि : महिला खिलाड़ी ने तोड़ा धोनी का वर्ल्ड रिकॉर्ड

विकेट के पीछे शिकार करने में एलिसा नंबर-1

आस्ट्रेलिया की विकेट कीपर ने कर डाला कमाल

नई दिल्ली। विकेट के पीछे शिकार करने में माहिर पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेटर एलिसा हीली ने पीछे छोड़ दिया है। धोनी का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़कर एलिसा आगे निकल गई हैं। विकेट के पीछे अब तक 92 शिकार कर यह महिला खिलाड़ी एकाएक सुर्खियों में आ गई है। धोनी 91 शिकार कर अभी तक सिरमौर थे। इस उपलब्धि पर एलिसा हीली की खूब प्रशंसा हो रही है। ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम वर्तमान में होम ग्राउंड पर न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 इंटरनेशल सीरीज खेल रही है। 3 मैचों की सीरीज के दूसरे मैच में मेजबान टीम ने जीत दर्ज कर सीरीज में 2.0 की अजेय बढ़त पाई है। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 16.4 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 129 रन बनाए। ऐसे में आस्टे्रलिया ने यह मैच 8 विकेट से जीत लिया। ब्रिस्बेन के एलन बॉर्डर मैदान पर यह मैच खेला गया। इस दरम्यान ऑस्ट्रेलियाई विकेट कीपर एलिसा हीली ने वर्ल्ड रिकॉर्ड भी कायम कर दिया। 30 साल की एलिसा ने इस मैच में विकेट के पीछे 2 शिकार कर पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के टी-20 इंटरनेशनल में सर्वाधिक शिकार करने के विश्व रिकॉर्ड को तोड़ दिया। विकेट के पीछे धोनी के 91 शिकार में 57 कैच और 34 स्टंपिंग शामिल हैं। हीली ने न्यूजीलैंड की क्रिकेटर लॉरेन डॉन का कैच पकड़ कर महिला टी-20 इंटरनेशन में धोनी को पछाड़ कर अपने 92 शिकार ( 42 कैच, 50 स्टंप) पूरे कर लिए। सिर्फ महिला टी-20 इंटरनेशनल में इंग्लैंड की सारा टेलर 74 शिकार के साथ दूसरे स्थान पर हैं। एलिसा हीली ने विकेट कीपर के तौर पर सर्वाधिक टी-20 इंटरनेशनल मैच खेलने के धोनी के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ा है। हीली का यह 99वां मैच था। जबकि धोनी ने 98 टी-20 इंटरनेशनल में भारत का प्रतिनिधित्व किया था।