आक्रामक रूस ने यूक्रेन पर बोला हमला, पूरी दुनिया स्तब्ध

नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच जंग शुरू हो गई है। रूस ने आक्रामक रूख अपनाकर यूक्रेन पर हमला कर दिया है। इससे यूक्रेन में हड़कंप मच गया है। 2 देशों की इस जंग पर पूरी दुनिया की नजर है। रूसी गोलीबारी में 7 व्यक्तियों की जान चली गई है। इसके अलावा 9 नागरिक घायल हैं। पूरे यूक्रेन में अफरा-तफरी का आलम है। उधर, यूक्रेन ने रूस के आगे घुटने टेकने से साफ इंकार कर दिया है। यूक्रेन के मरियुपोल शहर में टैंक नजर आए हैं। एयरपोर्ट पर भी हमला किया गया है।

यूक्रेनी सशस्त्र बलों के कमांडर-इन-चीफ लेफ्टिनेंट-जनरल वालेरी जालुजनी ने कहा है कि हम अपनी जमीन पर हैं। किसी भी सूरत में आत्मसमर्पण नहीं करेंगे। यह लड़ाई जीतेंगे। वहीं, रूस ने दावा किया है कि उसने यूक्रेन की सेना की हवाई रक्षा संपत्तियों और सैन्य ठिकानों को नष्ट कर दिया है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूस के हमलों में यूक्रेन की सेना की हवाई रक्षा संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है। यूक्रेन के सैन्य ठिकानों के बुनियादी ढांचों को नेस्तनाबूद कर दिया गया है।

मंत्रालय ने यूक्रेन से गुजर रहे एक रूसी युद्धक विमान को मार गिराने के दावों को भी खारिज कर दिया। इस बीच यूक्रेन की सेना ने कहा कि उसने रूस के 5 विमानों को मार गिराया है। यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने उनके देश पर रूसी हमले को आक्रामकता का युद्ध की संज्ञा दी है। उन्होंने दुनियाभर के देशों से रूस पर प्रतिबंध लगाकर उसे अलग थलग कर देने की अपील की है। उधर, यूक्रेन पर रूस द्वारा हमला जाने के बाद शेयर बाजारों में भयंकर गिरावट देखी जा रही है। सिर्फ शेयर बाजार में निवेशकों को 10 लाख करोड़ रुपए का नुकसान पहुंचा है।