राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने माना, मुश्किल में दोनों देश
वाशिंगटन। भारत और चीन सीमा विवाद पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप काफी गंभीर दिखाई दे रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि यह विवाद जल्द निपट जाएगा। ट्रंप ने दोनों एशियाई देशों के रिश्ते बेहतर करने के लिए पुन: मदद की पेशकश की है। हालांकि भारत द्विपक्षीय वार्ता के जरिए मामले को निपटाने की बात कह चुका है। भारत और चीन के बीच सीमा विवाद कायम है। सीमा पर दोनों देशों की सेना तैनात होने से तनाव निरंतर बढ़ रहा है। इस दरम्यान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दोनों एशियाई देशों के मध्य सीमा विवाद जल्द हल होने की उम्मीद जाहिर की है। डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा कि दोनों देश मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। उम्मीद है कि वह इससे खुद निपट लेंगे। उन्होंने कहा कि यदि हम सहायता कर सकते हैं, तो जरूर सहायता करना चाहेंगे। इसके पहले भी ट्रंप भारत और चीन के बीच मध्यस्थता की पेशकश कर चुके हैं, मगर भारत ने इससे साफ इंकार कर दिया था। बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। इजरायल और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बीच शांति समझौता कराने में ट्रंप ने अह्म भूमिका निभाई थी। इसके बाद से डोनाल्ड ट्रंप भारत-चीन के मध्य सीमा विवाद को बेहद गंभीरता से लेते दिख रहे हैं। उधर, समाचार पत्र वॉल स्ट्रीट जनरल ने अपनी खबर में कहा है कि सीमा संघर्ष भारत को एक असंयमित प्रतिक्रिया के लिए उकसा रहा है। भारत-चीन में बढ़ते मतभेद पर समूची दुनिया की निगाहें टिकी हैं। चीन की सीनाजोरी का भारत बखूबी जबाव दे रहा है। चीन के भीतर राष्ट्रपति शी जिनपिंग का विरोध भी बढऩे लगा है।
















