चीन में फिर पहुंचा कोरोना संक्रमण, दुनियाभर में मचा हड़कंप

विमान सेवा रद्द, कुछ क्षेत्रों में लॉक डाउन की तैयारी

बीजिंग। जानलेवा कोरोना वायरस (कोविड-19) जहां से शुरू हुआ था, पुन: वहां पहुंच गया है। यानी चीन में इस संक्रमण ने एक बार फिर दस्तक दे डाली है। इससे चीन के अलावा पूरी दुनिया में एकाएक हड़कंप मच गया है। चीन में कोरोना संक्रमण के नए केस ने रफ्तार पकड़ ली है। इसके चलते एहतियातन जरूरी कदम उठाने शुरू कर दिए गए हैं। फ्लाइटें निरस्त करने के अलावा विभिन्न क्षेत्रों में शिक्षण संस्थान बंद कर दिए गए हैं। कुछ स्थानों पर पुन: लॉक डाउन लागू किए जाने की संभावना बढ़ गई है।

चीन में कोरोना संक्रमण की वापसी ने पूरी दुनिया को बेचैन कर दिया है। सनद रहे कि चीन से दुनियाभर में कोरोना वायरस का फैलाव हुआ था। चीन में एक बार फिर कोरोना की दस्तक चिंताजनक है। चीन के उत्तर और उत्तर पश्चिमी शहरों में संक्रमण में तेजी आई है। स्थानीय प्रशासन बाहर से आए कुछ यात्रियों को इस आउटब्रेक का जिम्मेदार मान रहा है। इसके चलते प्रशासन ने सख्त कदम उठाना आरंभ कर दिया है। मास टेस्टिंग के अलावा टूरिस्ट स्पॉट बंद कर दिए गए हैं। संक्रमण प्रभावित मनोरंजन स्थलों पर भी आवाजाही रोक दी गई है।

कुछ क्षेत्रों में लॉक डाउन लगाने की भी नौबत आ गई है। उधर, चीन के लान्झोउ क्षेत्र में नागरिकों से अपील की गई है कि वह घरों से बाहर ना निकलें, जो बाहर निकल भी रहे हैं उन्हें कोविड की निगेटिव रिपोर्ट दिखाने को कहा जा रहा है। बताया गया है कि बढ़ते मामलों के कारण शीआन और लान्झोउ क्षेत्रों में 60 प्रतिशत उड़ानों को निरस्त कर दिया गया है। खबर यह भी है कि मंगोलिया वाले क्षेत्र में बढ़ते मामलों के कारण कोयले के आयात पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।