जेल से निर्वस्त्र होकर भागे सैकड़ों कैदी

-जेल ब्रेक की अनोखी घटना से देशभर में सनसनी

यूगांडा। अफ्रीकी देश यूगांडा में जेल से कैदियों की फरारी का बेहद अनोखा मामला प्रकाश में आया है। वहां सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखा 200 से ज्यादा कैदी निर्वस्त्र होकर जेल से भाग गए। इन कैदियों ने योजनाबद्ध तरीके से पहले जेल के सुरक्षा कर्मियों पर काबू पाया। बाद में वहां से भागने में सफल हो गए। इस घटना से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। फरार कैदियों की खोजबीन के लिए विशेष अभियान छेड़ा गया है। युगांडा की जेल में कैदियों को पीले रंग का कपड़ा पहनाया जाता है। कैदियों को यह डर सता रहा था कि सेना उन्हें आसानी से पकड़ लेगी। इस कारण सभी कैदियों ने पहले कपड़े उतारे और फिर सुरक्षा व्यवस्था को धता बताकर रफूचक्कर हो गए। जेल ब्रेक की यह घटना देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र में हुई है। सुरक्षा बल अब फरार कैदियों की तलाश कर रहे हैं। बताया जाता है कि ये कैदी देश के जंगली एरिया में भाग गए हैं। जेल से फरारी के दरम्यान कैदियों और सुरक्षा कर्मियों के बीच गोलीबारी भी हुई, जिसमें एक सैनिक और दो कैदी मारे गए। युंगाडा की यह जेल मोरोटो जिले में सेना की छावनी के पास है। सेना की प्रवक्ता ने बताया कि कैदियों ने ड्यूटी पर तैनात वार्डेन को पहले कब्जे में ले लिया। उन्होंने कहा कि जेल में बंद सभी कैदी खुंखार अपराधी थे, जो पशुओं की चोरी के आरोप में जेल में बंद थे। कैदियों ने भागने से पहले अपने कपड़े उतार दिए ताकि पहचान में न आ सकें। सेना प्रवक्ता ने कहा कि अपराधियों को पकडऩे के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि ये कैदी कपड़ों की दुकान पर जा सकते हैं। घटना के बाद मोरोटो जनपद में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।