दक्षिणी ताइवान में बड़ा हादसा, देशभर में सनसनी
ताइपे। दक्षिणी ताइवान में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से कम से कम 46 नागरिकों की मौत हो गई। जबकि 50 से ज्यादा झुलस गए। इस घटना से देशभर में एकाएक सनसनी फैल गई है। दमकल विभाग की टीम कई घंटे से बचाव एवं तलाश अभियान में जुटी हुई है। आग की लपटों में घिरने से 11 व्यक्तियों की मौके पर जान चली गई। दक्षिणी ताइवान में गुरुवार को तड़के लगभग 3 बजे यह घटना घटी।
13 मंजिला इमारत में अचानक आग लग गई। तेजी से आग फैलने के कारण नागरिकों को संभलने का मौका तक नहीं मिल पाया। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। चश्मदीदों ने बताया कि तड़के करीब 3 बजे तीव्र धमाके की आवाज सुनाई दी थी। इसके बाद आग की लपटें दिखाई देने लगीं। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि यह इमारत 4 दशक पुरानी है। इमारत की निचली मंजिल पर कुछ दुकानें और ऊपर अपार्टमेंट हैं। इस अग्निकांड में अब तक 46 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
51 नागरिकों को विभिन्न अस्पतालों में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। दमकल विभाग की टीमें बचाव एवं तलाश अभियान में शिद्दत से जुटी हुई हैं। घटना के बाद से समूचे ताइवान में शोक की लहर दौड़ गई है। सनद रहे कि ताइवान में ऐसे हादसों में मौत के आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि अस्पताल प्रशासन द्वारा की जाती है। वहीं, दमकल विभाग ने कहा कि आग काफी भीषण थी और इमारत की कई मंजिलें आग की चपेट में आने से खाक हो गर्इं। आग पर काबू पा लिया गया है।
















