ब्यूनस आयर्स। पालतू तोते ने वाकई कमाल का काम कर दिखाया है। रेप और मर्डर केस में यह तोता पुलिस के लिए सबसे बड़ा मददगार निकला है। इसके चलते तोते को मुख्य गवाह बना लिया गया है। तोते की गवाही अब दोषियों को उम्रकैद तक की सजा दिला सकती है। अर्जेंटीना में इस पालतू तोते की खूब चर्चाएं हो रही हैं। अदालत में तोते की गवाही भी हो चुकी है। अर्जेंटीना में एलिजाबेथ टोलेडो (46) की रेप के बाद नृशंस तरीके से हत्या कर दी गई थी।
वारदात के समय एलिजाबेथ का तोता वहां मौजूद था। नतीजन अभियोजन पक्ष ने मुख्य गवाह के रूप में तोते को कोर्ट के समक्ष पेश किया है। द सन की रिपोर्ट में बताया गया है कि एलिजाबेथ टोलेडो किराए के मकान में रहती थीं। पुलिस ने घर के भीतर से उनका शव बरामद किया था। पुलिस को शक था कि एलिजाबेथ के साथ जो 2 व्यक्ति रह रहे थे, उन्होंने ही इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया होगा। घटनास्थल पर छानबीन के दरम्यान एक पुलिस कर्मी ने एलिजाबेथ के पालतू तोते को कुछ अजीब बातें बोलते सुना था।
पुलिस ने अर्जेंटीना के सैन इसिड्रो की कोर्ट में बताया कि तोता कुछ बोल रहा था, जो संभवत: उसकी मालकिन के आखिरी शब्द थे। पड़ोसियों ने भी उसे नहीं, कृपया, मुझे जाने दो, तुमने मुझे क्यों मारा, बोलते सुना था। पुलिस का मानना है कि एलिजाबेथ ने जान बचाने के लिए संघर्ष के समय आरोपियों से यही कहा होगा, जिसे तोते ने रट लिया। पुलिस ने इस मामले में मिगुएल रोलन (53) और जॉर्ज अल्वारेज (65) के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। अगर दोनों को दोषी पाया जाता है तो उन्हें उम्रकैद की सजा होना संभव है। एलिजाबेथ टोलेडो की दिसंबर 2018 में बलात्कार के बाद हत्या हुई थी।
















