महिला की किस्मत बदली, मिला छप्पर फाड़ के

पार्क में वॉकिंग के दौरान बेशकीमती हीरा लगा हाथ

वॉशिंगटन। वाकई किसी ने सच ही कहा है, ऊपर वाला जब भी देता है, छप्पर फाड़ कर देता है। किस्मत कब, कहां और कैसे बदल जाए, किसी को नहीं पता। ऐसे ही एक रोचक मामले में पार्क में टहलने पहुंची महिला की किस्मत ने ऐसी पलटी मारी कि आज वह करोड़पति बन गई है। महिला को अपने भाग्य पर कतई यकीन नहीं हो रहा है। वह बार-बार ईश्वर का शुक्रिया अदा कर रही है। यह भाग्यशाली महिला अमेरिका की है।

अमेरिका में प्रकाश में आए इस मामले की खूब चर्चाएं हो रही हैं। दरअसल महिला अपने पति के साथ पार्क में टहल रही थी। इस बीच महिला की नजर जमीन पर चमचमाती किसी चीज पर पड़ी। जब महिला ने हाथ में उठाकर उसे गौर से देखा, तो वह कीमती हीरा निकला। दंपति को यकीन नहीं हो रहा है कि उन्हें बेशकीमती हीरा मिला है। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका निवासी नोरेन वेडबर्ग अपने पति माइकल के साथ अर्कांसस क्रेटर ऑफ डायमंड्स स्टेट पार्क में टहल रही थीं। इस दौरान उन्हें जमीन पर चमकती हुई चीज नजर आई।

नोरेन को उस समय नहीं पता था कि वह बेशकीमती हीरा है, मगर जब बाद में उन्हें सच्चाई पता चली तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। नोरेन और माइकल हीरे को लेकर डायमंड डिस्कवरी सेंटर पहुंचे। जब वहां के अधिकारियों ने इस हीरे की पहचान की तो उनके भी होश उड़ गए। यह चमचमाता पत्थर बहुमूल्य पीला हीरा निकला। 4.38 कैरेट के इस दुर्लभ हीरे की कीमत का खुलासा तो नहीं किया गया है, मगर बताया गया है कि यह बेशकीमती है।

डायमंड डिस्कवरी सेंटर के अधिकारियों ने बताया कि 4.38 कैरेट वजनी यह हीरा पिछले अक्टूबर के बाद से पार्क में पाया जाने वाला सबसे बड़ा हीरा है। बता दें कि पार्क की पॉलिसी के अनुसार विजिटर्स को पार्क में जो कुछ भी मिलता है, उसे वह अपने पास रख सकते हैं। 1906 से लेकर अब तक 75 हजार से ज्यादा हीरे वहां खोजे जा चुके हैं।