दुनिया जानेगी राजकुमारी डायना की जिंदगी के अनछुए पहलू

-डॉक्यूमेंट्री फिल्म पर वार्ता के लिए प्रिंस हैरी दंपति तैयार

लंदन। राजकुमारी डायना की जिंदगी के अनछुए पहलुओं से जल्द पर्दा उठने की उम्मीद है। उनके जीवन से जुड़ी दिलचस्पी बातों को दुनिया जान पाएगी। राजकुमारी डायना के जीवन पर डॉक्यूमेंट्री फिल्म बनाने की तैयारी चल रही है। प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मार्कल डॉक्यूमेंट्री फिल्म के लिए नेटफ्लिक्स के साथ वार्ता को राजी हो गए हैं। यह डॉक्यूमेंट्री फिल्म राजकुमारी डायना को श्रद्धांजलि होगी। इसके लिए नेटफ्लिक्स से 112 मिलियन पाउंड की डील होने जा रही है। ड्यूक और डचेस ने स्ट्रीमिंग की नामचीन कंपनी नेटफ्लिक्स के साथ समझौते की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि वह एक ऐसी फिल्म निर्माण के लिए इस मंच का प्रयोग करना चाहते हैं जो सूचना भी दे और जीवन की आशा भी। यह सौदा जनवरी में इस जोड़े द्वारा की गई घोषणा के बाद तय हो सका। इस साल की शुरुआत में शाही जोड़े ने आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनने और शाही स्टेटस को त्यागने की घोषणा की थी। प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मार्कल ने प्रोडक्शन कंपनी आरंभ की है। कंपनी का नाम अभी तय नहीं किया गया है। यह कंपनी डॉक्यूमेंट्री, फीचर फिल्म और बच्चों के कार्यक्रम बनाएगी। संडे मिरर की रिपोर्ट में बताया गया है कि यदि राजकुमारी डायना पर डॉक्यूमेंट्री बनती है तो उनके जीवन और कार्यों की विरासत को दिखाया जाएगा। बता दें कि 1997 में पेरिस में कार एक्सीडेंट में डायना की मौत हो गई थी। उस समय वह 36 साल की थीं। डायना की असमय मौत ने शाही परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया था। उनके प्रशंसकों के लिए यह घटना दुखों का पहाड़ टूटने जैसी थी। राजकुमारी डायना को बेघर नागरिकों और बच्चों से जुड़े उनके कल्याणकारी कार्यक्रमों और उससे जुड़े अभियानों के लिए जाना जाता है।