निगम के खिलाफ भाजपा पार्षद ने खोला मोर्चा

– नगर निगम के प्लास्टिक मुक्त गाजियाबाद अभियान का किया विरोध, धरने पर बैठे भाजपा पार्षद राजीव शर्मा

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। प्रतिबंधित प्लास्टिक को लेकर गाजियाबाद नगर निगम द्वारा चलाये जा रहे अभियान के विरोध में भाजपा पार्षद ने मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को पार्षद ने ना सिर्फ अभियान रूकवा दिया बल्कि कार्रवाई के विरोध में धरना पर बैठ गये और नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की।
उत्तर प्रदेश में प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगी हुई है। नगर निगम द्वारा प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त करने और प्लास्टिक के उपयोग को हतोत्साहित करने के लिए जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम का प्लास्टिक के खिलाफ यह अभियान सभी जोनों में चल रहा है।

यह भी पढ़ें: गाजियाबाद के म्युनिसिपल कमिश्नर ने भारत माता की प्रतिमा पर किया माल्यापर्णशनिवार को नगर निगम की टीम द्वारा सिटी जोन अंतर्गत घंटाघर और अनाज मंडी के आसपास अतिक्रमण हटाने और पॉलीथिन एवं प्लास्टिक सामग्री जब्त करने की कार्रवाई कर रही थी। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर के आदेश पर निगम के सिटी जोनल प्रभारी सुधीर कुमार शर्मा, टैक्स अधीक्षक गजेंद्र कुमार और निगम के प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल दीपक शरण प्रवर्तन दस्ते के साथ घंटाघर पहुंचे। अभियान चलाते हुए टीम ने दुकानों में चेकिंग करते हुए पॉलीथिन जब्त करना शुरू कर दिया। टीम ने 13 किलोग्राम पॉलीथिन और प्लास्टिक सामग्री जब्त करते हुए 25 हजार रुपए का जुर्माना वसूला। नगर निगम के इस कार्रवाई की सूचना दुकानदारों ने क्षेत्रीय भाजपा पार्षद राजीव शर्मा को दी। भाजपा पार्षद मौके पर पहुंचे और हंगामा करने लगे। हंगामे की सूचना पाकर मौके पर कोतवाली प्रभारी संदीप सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पार्षद राजीव शर्मा विरोध पर अड़े रहे और दुकानदारों का समर्थन करते हुए कहा कि त्यौहारी सीजन में उन्हें परेशान किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: विधायक के होटल पर चला बुलडोजर भाजपा पार्षद ने नगर निगम के अभियान का विरोध करते हुए म्युनिसिपल कमिश्नर और सिटी जोन प्रभारी सहित अन्य के खिलाफ नारेबाजी की। भाजपा पार्षद व्यापारियों के साथ नगर निगम के खिलाफ बीच सड़क पर धरने पर बैठ गये। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। जिसके बाद नगर निगम ने अभियान रोक दिया। इसके बाद पार्षद वहां से चले गये। भाजपा पार्षद राजीव शर्मा ने चेतावनी दी कि निगम द्वारा फिर कोई कार्रवाई की गई तो पह व्यापारियों के साथ मिलकर फिर से धरना-प्रदर्शन करेंगे।