गाजियाबाद। लोनी से BJP MLA नंदकिशोर गुर्जर के बेटे नागेश द्वारा वन विभाग के कर्मचारी से पिस्टल लेकर हर्ष फायरिंग करने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस एकाएक हरकत में आ गई है। एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा का कहना है कि वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले की जांच की जा रही है। फायरिंग के लिए नागेश को पिस्टल वन विभाग के क्षेत्र अधिकारी अशोक कुमार ने दी। उनके कहने के बाद नागेश ने पिस्टल को हवा की तरफ कर गोली चलाई। वहां वन विभाग के 4 सुरक्षा गार्ड भी मौजूद थे, मगर सभी चुपचाप खड़े देखते रहे। वीडियो 6 जुलाई का बताया जा रहा है।
ये भी पढ़े – Ex. MLC गुर्जर बोला, इसलिए ठोका, मार-पीट प्रकरण में प्रशांत चौधरी ने रखा अपना पक्ष
लोनी क्षेत्र के गांव गनौली में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम का यह वीडियो है। पहले लोगों ने पौधे लगाए और फिर आराम से खड़े बातें कर रहे थे। तभी अशोक कुमार ने नागेश से कुछ कहा और हाथ में पिस्टल थमा दी। इसके बाद नागेश ने हवा में गोली चलाई। वीडियो में गोली चलने के बाद उनके हाथ में झटका लगता हुआ नजर आ रहा है। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया। यही वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया गया, जो वायरल हो गया।
वहीं, BJP MLA नंदकिशोर गुर्जर का कहना है कि बेटे ने पिस्टल नहीं, बंदर भगाने के लिए इस्तेमाल होने वाली एयर गन चलाई थी। इसमें कुछ गलत नहीं है। कुछ लोगों ने सोशल मीडियो पर इसे हर्ष फायरिंग बता दिया, जो सही नहीं है। उधर, वन क्षेत्र अधिकारी अशोक कुमार का बयान विधायक से अलग है। उनका कहना है कि नागेश ने गोली नहीं चलाई, उसके हाथ में पिस्टल नहीं, बच्चों के खिलौने वाली प्लास्टिक की गन थी। यह विधायक के कार्यालय से लाई गई थी।
एसपी ग्रामीण डॉ. ईराज राजा ने बताया कि वीडियो की जांच की जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों से बात की जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए जाएंगे। वहीं, BJP MLA के भतीजे कोमल की पत्नी वंदना के लोनी ब्लॉक प्रमुख बनने के बाद निकाले गए विजय जुलूस में भी हर्ष फायरिंग हुई थी। इसका केस पुलिस ने दर्ज किया था। बदमाश अभिषेक बैंसला ने गोली चलाई थी। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। एसपी देहात ने बताया कि उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उसकी तलाश में हरियाणा और दिल्ली में दबिश दी गई हैं।
















