उत्तर प्रदेश सरकार से मिली हरी झंडी
गाजियाबाद। नंदग्राम में जल्द नया थाना खुल जाएगा। इसके लिए उप्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। इसके बाद जिले में 21 थाने हो जाएंगे। नए थाना खोलने संबंधी आदेश अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने जारी किए हैं। कानून एवं शांति व्यवस्था बनाने के साथ अपराधों पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाने के लिए नंदग्राम में थाना खोला जाएगा। सिहानी गेट थाना क्षेत्र अंतर्गत नंदग्राम में नया थाना खोले जाने का प्रस्ताव पूर्व में शासन को भेजा गया था। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने इस संबंध में एसएसपी कलानिधि नैथानी को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नंदग्राम में नया थाना खोलने को निर्णय लेकर इसके लिए जल्द आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि अपर मुख्य सचिव गृह के आदेशानुसार नंदग्राम स्थित पुलिस चौकी में नया थाना खोला जाएगा। इसके लिए इंस्पेक्टर समेत दारोगा एवं अन्य स्टाफ की तैनाती भी जल्द की जाएगी। पुलिसिंग व्यवस्था को बेहतर कर नंदग्राम में अगले दिनों में यह थाना संचालित हो जाएगा। जिले में इसे मिलाकर 21 थाने हो जाएंगे। एसएसपी ने बताया कि नंदग्राम में 21वें थाने के रूप में जल्द इसका संचालन शुरू हो जाएगा। इसमें सिहानी गेट थाना क्षेत्र का हिस्सा शामिल कर क्षेत्र निर्धारित किया जाएगा।
















