गाजियाबाद। अधिवक्ता ओमकार तोमर आत्महत्या प्रकरण में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर अधिवक्ताओं ने गुरूवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों की कचहरी में तालाबंदी कर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। इस मामले में पुलिस एक नामजद आरोपी के दो बेटों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। वहीं वकीलों में विधायक और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोश है। गाजियाबाद में बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन कर एडीएम र्ई को ज्ञापन सौंपा। जिसमें आत्महत्या के लिए दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की गई है। अधिवक्ताओं ने भाजपा विधायक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की। बार एसोसिएशन के महामंत्री मनमोहन शर्मा ने बताया कि विधायक और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से वकीलों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कचहरी व कलेक्ट्रेट के सभी मुख्य द्वारों पर ताला लगाया गया और जमकर हंगामा किया। भारी संख्या में वकील कचहरी के के गेट पर धरना प्रदर्शन करते हुए जमकर नारबाजी की। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मुनीश त्यागी ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक वकील शांत नहीं बैठेंगे। आरोप लगाया कि पुलिस इस मामले में सत्ता के दबाव में काम कर रही है। जिसके चलते जहां अब तक 14 में से सिर्फ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस मौके पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष विक्रम सिंह, गजेंद्र त्यागी, परमजीत सिंह, राहुल कुमार, पूनम गुह्रश्वता, विनोद शर्मा समेत बड़ी संख्या में वकील उपस्थित थे।
















