राष्ट्रवाद तथा राष्ट्र धर्म विषय पर संगोष्ठी

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश शासन के आदेशानुसार आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को मान्यवर कांशीराम राजकीय महाविद्यालय सदीक नगर नंदग्राम में राष्ट्रवाद तथा राष्ट्र धर्म विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर अर्चना वर्मा ने की। डॉ. निधि शुभानंद ने आजादी के अमृत महोत्सव के बारे में छात्र-छात्राओं को जानकारी दी। उन्होंने महात्मा गांधी द्वारा किए गए नमक सत्याग्रह के विषय में जानकारी दी तथा इस आंदोलन की राष्ट्रीय एकता में भूमिका पर भी प्रकाश डाला। राजनीति विज्ञान विभाग के प्रभारी डॉ. राजीव वर्मा ने छात्र-छात्राओं को राष्ट्रवाद की अवधारणा के विषय में बताया तथा भारत के संदर्भ में इसके महत्व के विषय में जानकारी प्रदान की। दर्शन शास्त्र के प्रवक्ता डॉ. वसीम मनसूर ने भारतीय वर्ण व्यवस्था पर चर्चा की। उन्होंने गांधी की आधुनिक विश्व में प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। संगोष्ठी को सारगर्भित कर प्राचार्या ने छात्र-छात्राओं को भारत के स्वतंत्रता संग्राम एवं स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष को जानने एवं समझने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा की राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यार्थी जीवन में अनुशासन एवं समर्पण की भावना ही सफलता की कुंजी है। संगोष्ठी के उपरांत भारत के स्वतंत्रता संग्राम की संघर्ष गाथा विषयक शीर्षक पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में डॉ. निधि शुभानंद, डॉ. राजीव वर्मा एवं डॉ. प्रियंका का महत्वपूर्ण योगदान रहा।