-गठित सर्विलान्स टीमों को पुन: सक्रिय करने के सीएमओ को निर्देश
-रेलवे स्टेशन पर बनी कोविड हैल्प डेस्क को करें दुरूस्त
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण के मामले महाराष्ट्र, केरल, पंजाब एवं छत्तीसगढ राज्यों में एक बार फिर बढऩे लगे हैं। जनपद में भी इसका असर देखा जा सकता है। जनपद गाजियाबाद में भी पुन: कोरोना संक्रमित मरीजों की वृद्धि होने लगी है। इसके मद्देनजर जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कोविड-19 का रिव्यु किया। पिछले 10 दिनों में जनपद गाजियाबाद में कोरोना संक्रमण के मामलों में वृद्धि देखने को मिली है। पिछले 10 दिनों में जनपद में 122 मामले कोरोना संक्रमण के पाये गये, जिनमें से 1488 की कॉन्टैक्ट टे्रसिंग की गई तथा 35 कॉन्टैक्ट पॉजि़टिव पाये गये हैं।
जिलाधिकारी ने इसको देखकर जनपद में गठित सर्विलान्स टीमों को पुन: सक्रिय किए जाने के निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी को दिए हैं। सर्विलान्स टीमों को निर्देशित किया गया है कि वह महाराष्ट्र, केरल, पंजाब तथा छत्तीसगढ राज्यों से जनपद में आने वाले नागरिकों की जानकारी कर अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित करेंगी। इसी प्रकार कोविड कंट्रोल रूम से निगरानी समितियों को भी निर्देशित किया गया है कि वह इन राज्यों से आने वालों की निगरानी करेंगी।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से यह अपील की है कि लोग अपने घरों के आस-पास रहने वालों पर सतर्क दृष्टि रखें तथा यदि कोई उनके आसपास महाराष्ट्र, केरल, पंजाब तथा छत्तीसगढ़ राज्यों से आता है, तो इसकी जानकारी कोविड कंट्रोल रूम के नंबरों पर अवश्य दें। इसके उपरांत जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय सीधे गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचे तथा रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कोविड-19 प्रोटोकॉल का अनुपालन के तहत जायजा लिया। जिलाधिकारी ने स्टेशन मास्टर रेलवे को निर्देशित किया कि वह स्टेशन पर कोविड प्रोटोकॉल के संबंध में माईक/स्पीकर पर एनाउसमेंट के माध्यम से लोगों को जानकारी अवश्य/अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि रेलवे स्टेशन पर बनी कोविड हैल्प डेस्क को और अधिक प्रभावी बनाए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने महाराष्ट्र, केरल, पंजाब तथा छत्तीसगढ़ राज्यों से आने वाली टेे्रनों की जानकारी अपर जिलाधिकारी (नगर), गाजियाबाद को मुहैया कराने के निर्देश दिए, ताकि अधिक सर्विलान्स रखी जा सके। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (नगर) शैलेंद्र कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.के. गुप्ता, रेलवे स्टेशन मास्टर नरदेव सिंह, आदि उपस्थित रहे। गौरतलब है कि जनपद में पिछले एक माह में महाराष्ट्र, केरल, पंजाब तथा छत्तीसगढ़ से 14 लोगों के आने की जानकारी प्राप्त हुई थी। सभी लोगों का कोविड टेस्ट कराया गया तथा टेस्ट में सभी 14 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
















