7 साल बाद भी न रकम वापस मिली और ना भूखंड
ग्रेटर नोएडा। रियल एस्टेट में निवेश का झांसा देकर सैकड़ों निवेशकों से कई करोड़ रुपए की ठगी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। निवेशकों को रकम डबल होने और भूखंड उपलब्ध कराने का सपना दिखाया गया था। 7 साल गुजरने के बावजूद निवेशकों को न रकम मिली और ना भूखंड। पीड़ितों ने इस संबंध में पुलिस से शिकायत की है। ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी ने दादरी कोतवाली प्रभारी को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। ठगी का शिकार सुनील, सीमा, ओमवती और शिवानी सहित 20 से ज्यादा नागरिकों ने शनिवार को ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी विशाल पांडे से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि वर्ष-2013 में 5 व्यक्तियों ने मिलकर कंपनी बनाई थी। दादरी के रेलवे रोड पर आरोपियों ने कार्यालय खोला था। आरोपियों ने रियल एस्टेट मैं पैसा निवेश करने का सपना दिखाया। इसके बाद उन्हें रकम दोगुनी करने और भूखंड दिलाने का लालच दिया गया। आरोपियों ने कई योजना शुरू की। जिसमें प्रत्येक निवेशक को प्रतिमाह एक हजार रुपए आरोपियों के खाते में जमा कराने होते थे। उन्हें आश्वासन दिया गया कि 5 साल बाद वह दोगुना पैसा या भूखंड ले सकते हैं, मगर 7 साल बीत जाने के बाद भी आरोपियों ने किसी का पैसा वापस नहीं लौटया। पैसा वापस मांगने पर जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जा रही है। इस गिरोह में एक महिला भी शामिल है। यह महिला रेप के झूठे केस में फंसाने की धमकी देती है। पीड़ितों ने आरोपियों से तंग आकर पुलिस से सहायता की गुहार लगाई है। आरोपियों ने 100 से ज्यादा नागरिकों से कई करोड़ रुपए हड़प लिए हैं। वहीं, एडीसीपी विशाल पांडे ने इस प्रकरण में दादरी कोतवाली प्रभारी को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
















