ग्रेटर नोएडा। होली पर्व की निकटता को देखकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग सक्रिय हो गया है। मिलावटखारों पर शिकंजा कसने को विभाग ने छापामार कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को टीम ने कई प्रतिष्ठान से खाद्य सामग्री के नमूने लिए हैं। इस दौरान 548 किलो मैदा सीज कर दी गई। जिला अभिहित अधिकारी संजय शर्मा के मुताबिक होली पर्व को ध्यान में रखकर विशेष अभियान शुरू किया गयाा है। होली पर नागरिकों को शुद्ध खाद्य सामग्री मिल सके, इसलिए कई टीमों ने मिलकर अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षाा अधिकारी आर.पी. गुप्ता ने जेवर में मैसर्स बंसल इंटरप्राइजेज का निरीक्षण कर कचरी एवं नमकीन का नमूना लिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति द्वारा जेवर मेन मार्केट में राजधानी बेकरी से मैदा का नमूना लेकर 548 किलो मैदा को उपयुक्त ना पाए जाने पर सीज किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामनरेश द्वारा जेवर के थोरा में मैसर्स एसी स्टोर से सरसों के तेल का नमूना जांच हेतु संग्रहित किया गया। अन्य टीम द्वारा ईकोटेक ग्रेटर नोएडा स्थित मिल्क बास्केट के वेयरहाउस से बेसन पापड़ का नमूना, झक्कास ब्रांड पापड़ का नमूना लिया गया। इसके अलावा गौर सिटी में वन शॉप मार्ट से बेसन का नमूना, गायत्री मार्केट से पनीर का नमूना संग्रहित किया गया। इन नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला लखनऊ भेज दिया गया है। जांच आख्या प्राप्त होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। होली पर्व के मद्देनजर यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।















