-हापुड़ मोड़ गुरुद्वारा समिति ने शुरू की ऑक्सीजन सेवा
गाजियाबाद। शहर में जब-जब कोई आपदा आती है, सिख समुदाय हमेशा लोगों के साथ खड़ा रहता है। कोरोना संकटकाल में एक बार फिर गुरुद्वारा समितियां लोगों की मद्द के लिए आगे बढ रही हैं। शहर में ऑक्सीजन संकट को देखते हुए पहले इंदिरापुरम गुरुद्वारे ने ऑक्सीजन लंगर सेवा शुरू की थी। तो वहीं हापुड़ मोड़ गुरुद्वारा समिति ने भी ऑक्सीजन सेवा शुरू की है। गुरुद्वारा परिसर में ही दस से पंद्रह बेड लगाए गए हैं जहां ऑक्सीजन सिलेंडर और ऑक्सीजन कन्सनट्रेटर की सहायता से मरीजों को ऑक्सीजन दी जा रही है। शुक्रवार शाम से ही समिति द्वारा इस सेवा को शुरू किया गया था। इसके बाद लोगों का वहां पहुंचना शुरू हो गया। लोगों को गुरुद्वारे में ही ऑक्सीजन दी जा रही है ताकि उनकी मद्द हो सकें। इसके अलावा बजारिया गुरुद्वारा समिति द्वारा भी आइसोलेशन वार्ड बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। बजारिया गुरुद्वारे के इंद्रजीत सिंह टीटू ने बताया कि परिसर में आइसोलेशन वार्ड बनाया जा रहा है। वार्ड के लिए मेडिकल हेल्प मिल जाएगी तो वह तत्काल वार्ड शुरू कर देंगे। ऑक्सीजन की भी व्यवस्था की जा रही है ताकि लोग ऑसीजन के आभाव में दम न तोडें। बता दें कि कोविड संक्रमित मरीजों के लिए ऑक्सीजन का संकट होने के बाद इंदिरापुरम गुरुद्वारा समिति ने ऑक्सीजन लंगर सेवा शुरू की थी। जहां एनसीआर के लोग बड़ी संख्या में ऑक्सीजन लेने पहुंचे, लगातार वहां लोगों का पहुंचना जारी है। इस ऑक्सीजन सेवा की जिले ही नहीं बल्कि देशभर में लोगों ने सराहना की है। सैकड़ों लोगों को अब तक इस गुरुद्वारे से मद्द मिल चुकी है। इस पहल के बाद अब हापुड़ मोड़ गुरुद्वारा ने भी लोगों के लिए ऑक्सीजन लंगर सेवा शुरू की है ताकि लोग ऑक्सीजन के आभाव में न रहें। मरीजों को वहीं परिसर में बुलाया जा रहा है और उन्हें ऑक्सीजन दी जा रही है। सिख समुदाय के लोग लोगों की सेवा में जुटे हुए हैं। शहर के अन्य गुरुद्वारों में कोविड मरीज जो घरों में रहकर इलाज करा रहे हैं, उनके लिए भोजन की व्यवस्था की जा रही है। जहां पूरा परिवार ही संक्रमित है, उनको दोनों समय खाना पहुंचाया जा रहा है।















