-शनिवार को दिनभर कार्य बहिस्कार करने का ऐलान
गाजियाबाद। पावर कारपोरेशन के चेयरमैन एम. देवराज की उत्पीडऩात्मक गतिविधियों के विरोध में 29 मई से विद्युत अभियंता पूरे दिन का कार्य बहिष्कार करेंगे। इस बीच ऑक्सीजन प्लांट, अस्पतालों और आम जनता की खातिर विद्युत आपूर्ति सुचारू रखी जाएगी। पावर कारपोरेशन के चेयरमैन एम. देवराज के विरोध में प्रदेश के सभी ऊर्जा निगमों के तमाम विद्युत अभियंता 29 मई को प्रात: 10 बजे से पूरे दिन का अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार करेंगे। उप्र रा.वि.प. अभियंता संघ के अध्यक्ष वी.पी. सिंह ने बताया कि जहां एक ओर विद्युत अभियंता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के नेतृत्व में अहर्निश, निर्बाध विद्युत आपूर्ति सफलतापूर्वक करने में जुटे हैं, वहीं पावर कारपोरेशन के चेयरमैनए एम देवराज अनावश्यक तौर पर अभियंताओं और विद्युत कर्मियों का उत्पीडन कर रहे हैं और बिजली विभाग में कार्य का वातावरण बिगाड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराने हेतु विद्युत अभियंताओं ने यह निर्णय लिया है कि ऑक्सीजन प्लांटों, अस्पतालों और आम नागरिकों की विद्युत आपूर्ति बनाये रखने के अलावा विद्युत अभियंता 29 मई से कोई अन्य कार्य नहीं करेंगे। इसके साथ ही विद्युत अभियंताओं ने चेयरमैन, प्रबंध निदेशक पावर कारपोरेशन, प्रबंध निदेशक पारेषण, प्रबंध निदेशक उत्पादन निगम, प्रबंध निदेशक पश्चिमांचल, प्रबंध निदेशक दक्षिणांचल, प्रबंध निदेशक केस्को, प्रबंध निदेशक मध्यांचल और प्रबंध निदेशक पूर्वांचल के व्हाट्सअप ग्रुपों से अपने को पृथक कर लिया है। इस प्रकार लगभग ढाई हजार से ज्यादा अभियंताओं जिसमें मुख्य अभियंता प्रमुखता में शामिल हैं ने प्रबंधन के व्हाट्सअप ग्रुपों से एक्जिट कर चुके हैं और प्रबंधन के सभी व्हाट्सअप गु्रप पूरी तरह निष्प्रयोज्य हो चुके हैं। साथ प्रदेशभर में जनपद मुख्यालयों एवं परियोजनाओं पर सायं 4 बजे से 5 बजे तक एक घंटे की विरोध सभा हुई।
















