ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने जन-सुनवाई की

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बालक इंटर कॉलेज स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में बुधवार को जन-सुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) दीपचंद्र ने ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के नागरिकों की शिकायतों की सुनवाई की। प्राप्त शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बालक इंटर कॉलेज में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का साइट ऑफिस स्थापित किया गया है। खासकर ग्रेनो वेस्ट के नागरिकों की सुविधाओं को देखकर यह कदम उठाया गया है। वहां विभाग का स्थाई साइट ऑफिस बनाया जा रहा था। स्थाई कार्यालय का निर्माण होने तक अस्थाई कार्यालय के जरिए नागरिकों की समस्याओं को सुना जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को बालक इंटर कॉलेज में जन-सुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) दीपचंद्र ने सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इन समस्याओं का तत्काल निदान करने के निर्देश दिए गए।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-2 व 3 के नागरिकों ने सड़क की मरम्मत कराने, नाली व सीवर लाइनों को दुरुस्त कर कनेक्शन देने और सरकारी अस्पताल की इमारत में सुधार की मांग की। गांव सैनी व पाली गांव के किसानों ने 10 फीसदी आवासीय भूखंड के लीज प्लान जारी करने की अपील की। एसीईओ दीपचंद्र ने परियोजना विभाग के अफसरों को लीज प्लान शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए। हाउसिंग सोसाइटी अरिहंत अंबर के रेजीडेंट्स ने नाले की सफाई के बाद स्लज न उठाने, 24 मीटर सड़क को दुरुस्त कराने इत्यादि मांग की। एसीईओ ने बताया कि समस्याओं का निपटारा कराने के लिए विभाग बेहद गंभीर है। संबंधित अधिकारियों को भी इस बावत अवगत करा दिया गया है।