धर्मशाला में फिल्म की शूटिंग का शेड्यूल पूरा
मुंबई। धर्मशाला में हॉरर कॉमेडी फिल्म भूत पुलिस की शूटिंग का शेड्यूल पूरा हो गया है। बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज ने इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा है कि शूटिंग शेड्यूल पूरा होने के बावजूद धर्मशाला छोडऩे का मन नहीं है। उन्हें इस क्षेत्र से काफी लगाव हो गया है। पुलिस की शूटिंग के आखिरी दिन अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज बगीचे में टहल रही थीं। वहां उन्हें गुलाब के खूबसूरत फूल भा गए। इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट इमेज में वह लाल रंग के गुलाब की सुगंध लेते नजर आ रही हैं। उन्होंने इस इमेज के कैप्शन में लिखा है कि शेड्यूल रैप हैशटैग धर्मशाला। हैशटैग भूत पुलिस। मेरा पूरा शेड्यूल का समय कितना अच्छा था, मैं पहले से इस टीम को मिस कर रही हूं। फिल्म भूत पुलिस की शूटिंग में जैकलीन अभिनेता सैफ अली खान, अर्जुन कपूर और यामी गौतम के साथ कर रही थीं। उन्होंने टीम के जल्द एकजुट होने की उम्मीद जताई। इस फिल्म के सभी कलाकारों की टीम विगत 31 अक्तूबर को चार्टर्ड प्लेन से डलहौजी पहुंची थी। भूत पुलिस का निर्माण टिप्स इंडस्ट्रीज लि. और स्ट्रीट एंटरटेनमेंट के द्वारा किया जा रहा है। फिल्म की कहानी काफी मनोरंजक हो सकती है। फिल्म में सैफ और अर्जुन कपूर की जोड़ी भूतों को पकड़ती दिखाई देगी। इसके अलावा जैकलीन फर्नांडीज रोहित शेट्टी के निर्देशन में प्रस्तावित फिल्म सर्कस में भी नजर आएंगी। इस फिल्म में रणवीर सिंह, पूजा हेगड़े भी हैं। साजिद नाडियाडवाला की फिल्म किक-2 में भी जैकलीन अभिनय के जौहर दिखाएंगी। फिल्म भूत पुलिस का दर्शकों को भी बेसब्री से इंतजार है। धर्मशाला में फिल्म की शूटिंग के दौरान कलाकारों को खूब मस्ती भी की। धर्मशाला की खूबसूरती ने कलाकारों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहां से जाने से पहले सभी कलाकारों ने कैमरे में खूबसूरत पलों को कैद किया।
















