एमएलसी चुनाव ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग
शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराए एमएलसी चुनाव: डीएम
गाजियाबाद। मेरठ-सहारनपुर स्नातक एवं शिक्षक द्विवार्षिक विधान परिषद के लिए आज होने वाले मतदान को लेकर जिला प्रशासन-पुलिस ने कमर कस ली है। सोमवार को हरसांव स्थित रिजर्व पुलिस लाइन में जिलाधिकारी डॉ. अजय शंकर पांडेय एवं एसएसपी कलानिधि नैथानी ने एमएलसी चुनाव ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग की। जिलाधिकारी ने ब्रीफिंग में निर्देश देते हुए कहा कि एमएलसी चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जाना है। इसलिए सभी प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी एवं पुलिसकर्मी अपने-अपने क्षेत्र में ड्यूटी पर मुस्तैद होकर मतदान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराएं। 1 दिसंबर यानि कि आज मंगलवार को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक एमएलसी चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। 
पोलिंग बूथों से लेकर पोलिंग स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाए। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने कहा कि जिले में एमएलसी चुनाव के मतदान के लिए 11 मतदान केंद्र बनाए गए है। इन मतदान केंद्रों पर मजिस्टे्रट और पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। जिलाधिकारी डॉ.अजय शंकर पांडेय एवं एसएसपी कलानिधि नैथानी ने एसपी सिटी प्रथम अभिषेक वर्मा,एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह,उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम फाइनेंस यशवर्धन श्रीवास्तव,एसपी प्रोटोकॉल ज्ञानेश्वर गंगवार,सीओ आदि की मौजूदगी में पुलिस फोर्स की ब्रीफिंग करते हुए कहा कि जिले में एमएलसी स्नातक एवं शिक्षक का चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए संपन्न कराया जाना है। एमएलसी चुनाव ड्यूटी में लगे सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी पूरी करें। पुलिस फोर्स को ब्रीफिंग करने के बाद मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। वहीं,हापुड़ रोड स्थित इंग्राहम इंटर कॉलेज में पहुंचकर जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने पोलिंग पार्टियों को रवाना किए जाने के चलते जायजा लिया गया। 
इंग्राहम इंटर कॉलेज से दोपहर दो बजे तक सभी पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए बैलेट पेपर और चुनाव सामग्री समेत रवाना की गई। जिले में बनाए गए 11 मतदान केंद्रों पर होने वाले मतदान को दृष्टिगत रखते हुए अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया। वहीं,पुलिस लाइन में पुलिस फोर्स के जवानों के साथ ब्रीफिंग करने के बाद उन्हें मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। 72 पोलिंग बूथ पर 220 कार्मिक किए रवाना
गाजियाबाद। मेरठ-सहारनपुर स्नातक एवं शिक्षक संघ एमएलसी चुनाव के लिए आज सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक वोट डाले जाएंगे। सोमवार को हापुड़ रोड स्थित इंग्राहम इंटर कॉलेज से मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। आज होने वाला मतदान बैलेट पेपर से होगा। जिले में मतदान के लिए 72 पोलिंग बूथ और 11 सेंटर बनाए गए है। इनमें करीब 220 कार्मिकों को चुनाव सामग्री देकर कॉलेज से रवाना किया गया।
जिलाधिकारी डॉ.अजय शंकर पांडेय एवं एसएसपी कलानिधि नैथानी ने पोलिंग पार्टियों के रवाना होने के चलते कॉलेज में जायजा लिया। सीडीओ अस्मिता लाल एवं उप निर्वाचन अधिकारी एडीएम फाइनेंस यशवर्धन श्रीवास्तव,एडीएम प्रशासन संतोष कुमार वैश्य,एडीएम एलए कमलेश चंद्र वाजेपयी,एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह, एसडीएम लोनी खालिद अंजुम,जीडीए ओएसडी सुशील कुमार चौबे,ओएसडी संजय कुमार सिंह,जिला आपूर्ति अधिकारी डॉ.सीमा चौधरी,जिला विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी,परियोजना निदेशक पीएन दीक्षित आदि की मौजूदगी में पोलिंग पार्टियों को चुनाव सामग्री के साथ कॉलेज से रवाना किया गया। वहीं,पोलिंग पार्टियों के रवाना होने के चलते प्रशासन-पुलिस ने कड़े इंतजाम किए थे। कविनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह टीम के साथ कॉलेज में मुस्तैदी के साथ डटे रहे। सभी पोलिंग पार्टियों को दोपहर करीब 2 बजे से कॉलेज से रवाना किया गया। मंगलवार यानि कि आज 1 दिसंबर को एमएलसी के लिए डाले जाने वाले वोट के चलते जिलाधिकारी ने अवकाश घोषित कर दिया है। आज मंगलवार को जिले में सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक एमएलसी चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे।















