झाडिय़ों में छिपाकर रखी 35 लीटर कच्ची शराब बरामद, महिला तस्कर गिरफ्तार

अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने खोला मोर्चा

उदय भूमि संवाददाता

रामपुर। जनपद रामपुर में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने मोर्चा खोल दिया है। जिला आबकारी अधिकारी हिम्मत सिंह के नेतृत्व में विभाग की टीम लगातार दिन-रात एक कर अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कस रही है। शहरी क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के बाद अब यह अभियान देहात क्षेत्रों में भी पूरी मजबूती के साथ संचालित हो रहा है। सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आबकारी निरीक्षकों अरविंद कुमार मिश्रा, नीरज सिंह एवं अनुपम सिंह की संयुक्त टीम ने मिलक क्षेत्र के विभिन्न गांवों में छापेमारी की। इस अभियान में रूपपुरा, रास और चंद्रपुरा जदीद में दबिश दी गई, जहां झाडिय़ों और घरों के भीतर छिपाकर रखी गई लगभग 35 लीटर कच्ची एवं अवैध शराब बरामद की गई। छापेमारी के दौरान एक महिला तस्कर को गिरफ्तार भी किया गया, जो इस अवैध निर्माण एवं बिक्री में सक्रिय रूप से शामिल थी। जिला आबकारी अधिकारी हिम्मत सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई न केवल अवैध शराब के निर्माण को रोकने के लिए की गई, बल्कि इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क को भी तोडऩे की रणनीति के तहत संचालित हो रही है। देर रात तक दबिश और तलाशी अभियान चलाकर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार पनप न सके।

सिर्फ निर्माण और बिक्री ही नहीं, शराब की अधिकृत दुकानों पर भी आबकारी विभाग द्वारा गुप्त रूप से निरीक्षण और टेस्ट परचेजिंग की कार्रवाई की जा रही है। विक्रेताओं को पॉस मशीन द्वारा 100 प्रतिशत बिक्री दर्ज करने और ग्राहकों को निर्धारित दरों पर शराब बेचने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि स्टॉक और ब्रांड की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें, ताकि ग्राहकों को पसंद की शराब मिल सके और कोई काला बाज़ारी न हो। आबकारी विभाग की टीमें अब रोड चेकिंग, ढाबों और कैंटीनों की लगातार निगरानी कर रही हैं ताकि किसी भी स्थान पर अवैध शराब की खपत या आपूर्ति की संभावना को समाप्त किया जा सके। आबकारी विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों की अवहेलना करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। रामपुर में यह अभियान न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक प्रभावशाली कदम है, बल्कि जनस्वास्थ्य और सामाजिक चेतना की दृष्टि से भी अत्यंत आवश्यक पहल बन गया है।

जिला आबकारी अधिकारी हिम्मत सिंह ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमारी टीमें लगातार शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में दबिश दे रही हैं। अब अभियान की दिशा देहात क्षेत्रों की ओर केंद्रित है, जहां अवैध निर्माण के ठिकानों को जड़ से खत्म किया जा रहा है। लोगों की सेहत और कानून व्यवस्था के हित में यह कार्रवाई आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि शराब की वैध दुकानों पर भी नियमों के पालन, एमआरपी पर बिक्री और ब्रांड की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। हिम्मत सिंह ने आमजन से अपील की कि वे अवैध शराब की जानकारी गुप्त रूप से विभाग को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और समाज को सुरक्षित रखा जा सके।