कौशांबी-वैशाली में लहराया देशभक्ति का जज्बा

-पार्षद कुसुम मनोज गोयल के नेतृत्व में वार्ड-72 में तिरंगा वितरण अभियान, स्वतंत्रता दिवस से पहले गूंजे वंदे मातरम् के नारे

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर घर-घर तिरंगा अभियान के तहत वार्ड-72 कौशांबी-वैशाली क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंग गया। गुरुवार को पार्षद कुसुम मनोज गोयल के नेतृत्व में तिरंगा वितरण अभियान पूरे जोश और उमंग के साथ जारी रहा। अभियान के दौरान जयपुरिया एनक्लेव सेक्टर-1, कामना वैशाली और एक्सप्रेस ग्रीन टावर में स्थानीय निवासियों को राष्ट्रीय ध्वज भेंट कर उन्हें तिरंगे का महत्व बताया गया। इस मौके पर जयपुरिया एनक्लेव अध्यक्ष के.एल. सचदेवा, महामंत्री शोभा रानी बरनवाल, उपाध्यक्ष रेनू मल्होत्रा, समाजसेवी एस.आर. सिंह और अजय गुप्ता मौजूद रहे। वहीं एक्सप्रेस ग्रीन टावर से अध्यक्ष अरुण सिंह, अनुज राठी, भाजपा नेत्री विमल भट्ट, पिंकी, विमला चौधरी, राहुल और राजीव पाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए।

पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने कहा कि तिरंगा हमारे गौरव, एकता और बलिदान का प्रतीक है। हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह इसे सम्मान के साथ फहराए और आने वाली पीढिय़ों को इसकी महत्ता बताए। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति के गीतों और नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने हाथों में तिरंगा लहराकर आज़ादी के अमर सेनानियों को नमन किया। स्थानीय निवासियों ने इस पहल का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए इसे राष्ट्रीय एकता और गौरव का संदेश फैलाने वाला अभियान बताया। इस अभियान ने न केवल तिरंगे के प्रति सम्मान को मजबूत किया, बल्कि लोगों के दिलों में देश के लिए कुछ करने का संकल्प भी जगा दिया।