एसआईआर अभियान: पोलिंग बूथों पर शनिवार और रविवार बीएलओ रहेंगे तैनात, मतदाता कर सकेंगे आवेदन

-ड्रॉफ्ट सूची में नाम छूटे मतदाताओं के लिए विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण
-बीएलओ के माध्यम से फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 जमा कर नाम जोडऩे या संशोधन की सुविधा

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) जारी है। मतदाता सूची के पहले चरण के बाद ड्रॉफ्ट सूची प्रकाशित की गई, जिसमें आठ लाख से अधिक मतदाताओं के नाम कट गए हैं। ऐसे मतदाता, जिनका नाम गलती से सूची से बाहर हुआ है, वे आज शनिवार और कल रविवार को अपने पोलिंग बूथ पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इस दौरान सभी बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) तैनात रहेंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम वित्त एवं राजस्व सौरभ भट्ट ने बताया कि दावे और आपत्तियां 6 फरवरी तक स्वीकार की जाएंगी। चुनाव आयोग ने इसके लिए चार विशेष अभियान तिथि निर्धारित की हैं, जिनमें 17 जनवरी और 18 जनवरी के अलावा 31 जनवरी और 1 फरवरी शामिल हैं। आज और कल सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बीएलओ अपने-अपने बूथ पर उपस्थित रहेंगे और मतदाता सूची की ड्रॉफ्ट प्रति जनता को पढ़कर सुनाएंगे।

मतदाता, जिनका नाम सूची में नहीं है या संशोधन करवाना चाहते हैं, वे फॉर्म-6 (नए मतदाता के लिए), फॉर्म-7 (नाम अपमार्जन के लिए) और फॉर्म-8 (नाम संशोधन या स्थानांतरण के लिए) आवश्यक दस्तावेजों के साथ भरकर बीएलओ को जमा कर सकते हैं। स्थानांतरण की स्थिति में फॉर्म-8 मय घोषणा पत्र आवश्यक है। इसके अलावा फॉर्म जिला निर्वाचन कार्यालय, तहसील कार्यालय या ऑनलाइन आयोग की ऐप और वेबसाइट के माध्यम से भी भरे जा सकते हैं।

सौरभ भट्ट ने जिले के मतदाताओं से अपील की है कि वे एसआईआर में सक्रिय भाग लें, बूथ पर जाकर नाम की जांच करें और यदि नाम नहीं है तो फॉर्म भरकर जमा करें। बीएलओ द्वारा जांच के बाद योग्य मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ दिए जाएंगे। इसके साथ ही जिले के 1.53 लाख मतदाता, जिनका डाटा अनमैप श्रेणी में है, उन्हें नोटिस जारी किया जा रहा है। नोटिस प्राप्त होने के बाद मतदाता अपने पक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं। यह एसआईआर अभियान मतदाताओं को अपने अधिकार सुनिश्चित करने और निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की दिशा में अहम कदम साबित होगा।