-2016 बैच की मेधावी छात्रा की सफलता पर विद्यालय परिवार ने जताया गर्व
-घर पर रहकर मेहनत और अनुशासन से हासिल की बड़ी सफलता
– विद्यार्थियों को दिया संदेश – लक्ष्य तय करें और निरंतर प्रयास करें
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। केडीबी विद्यालय प्रांगण में सोमवार को वर्ष 2016 की मेधावी पूर्व छात्रा रश्मि के सम्मान में गरिमामय अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। रश्मि ने अप्रैल 2026 में आयोजित उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीसीएस) परीक्षा उत्तीर्ण कर नायब तहसीलदार पद पर चयनित होकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती निवेदिता राणा ने रश्मि की सफलता को संस्थान के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि रश्मि की मेहनत, लगन और आत्मविश्वास यह सिद्ध करता है कि सही दिशा और समर्पण से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
अपने संबोधन में रश्मि ने विद्यार्थियों के साथ अपनी सफलता का अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने बिना किसी महंगी कोचिंग के घर पर रहकर नियमित अध्ययन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के माध्यम से यूपीपीसीएस जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा को सफलतापूर्वक पास किया। उन्होंने विशेष रूप से केडीबी विद्यालय द्वारा मिली मजबूत शैक्षणिक नींव की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय में प्राप्त शिक्षा और मार्गदर्शन ने उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए लक्ष्य स्पष्ट होना चाहिए और उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत, सकारात्मक सोच और धैर्य बेहद आवश्यक है।
उन्होंने छात्रों से सोशल मीडिया और अनावश्यक विचलनों से दूर रहकर अपने भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने की अपील भी की। समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने रश्मि को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह अवसर विद्यालय के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण रहा, जिसने एक बार फिर साबित किया कि केडीबी विद्यालय से निकले विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं।
















