-के.डी.बी पब्लिक विद्यालय में भव्य आयोजन, जिले के प्रतिष्ठित स्कूलों ने दिखाई शानदार प्रस्तुति
-‘मानवता सहानुभूति से परिपूर्ण’ थीम पर भावनाओं से सराबोर हुईं प्रस्तुतियां, दर्शक हुए मंत्रमुग्ध
-श्री ठाकुरद्वारा बालिका विद्यालय प्रथम, डीडीपीएस संजय नगर द्वितीय और प्रेसीडियम स्कूल तृतीय स्थान पर रहा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कविनगर स्थित के.डी.बी पब्लिक विद्यालय में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली बहुप्रतीक्षित अंतरविद्यालयीय नृत्य प्रतियोगिता ‘वाइब्रेशन’ का इस वर्ष शुक्रवार को भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के अनेक प्रतिष्ठित विद्यालयों के प्रतिभागी छात्रों ने अपनी उत्कृष्ट नृत्य प्रतिभा, रचनात्मकता और भावनात्मक अभिव्यक्ति से मंच को जीवंत बना दिया। पूरे कार्यक्रम में कला, संस्कृति और मानवीय संवेदनाओं का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रतियोगिता में डी.डी.पी.एस संजय नगर, श्री ठाकुरद्वारा बालिका विद्यालय, चौधरी छबील दास स्कूल, उत्तम स्कूल फॉर गर्ल्स, खेतान वर्ल्ड स्कूल, स्टेप अप स्कूल, सेंट जेवियर स्कूल राजनगर एक्सटेंशन, जे.के.जी इंटरनेशनल स्कूल विजय नगर तथा प्रेसीडियम स्कूल सहित कई प्रतिष्ठित विद्यालयों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डेंजा-दे-एमोर के संस्थापक एवं निर्देशक संजय शर्मा तथा प्रसिद्ध परफॉर्मिंग आर्ट एवं इवेंट कोऑर्डिनेटर दीप त्यागी उपस्थित रहे, जिन्होंने निर्णायक की भूमिका भी निभाई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या निवेदिता राणा, उप प्रधानाचार्या नम्रता दूबे एवं मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर माँ सरस्वती के वंदन के साथ किया गया।
दीप प्रज्वलन के पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया और ‘वाइब्रेशन’ प्रतियोगिता की परंपरा एवं महत्व से उपस्थित दर्शकों को अवगत कराया गया। विद्यालय द्वारा प्रस्तुत स्वागत नृत्य ने कार्यक्रम की गरिमामयी शुरुआत करते हुए दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ दिया। इस वर्ष प्रतियोगिता की थीम ‘मानवता सहानुभूति से परिपूर्ण हैÓ रखी गई, जिसका उद्देश्य छात्रों में दया, करुणा, सहानुभूति और मानवता जैसे मूल्यों को प्रोत्साहित करना था। के.डी.बी पब्लिक स्कूल की ओर से प्रस्तुत विशेष नृत्य नाटिका ने मानवीय संवेदनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जिसने सभागार में उपस्थित दर्शकों को भावुक कर दिया। प्रस्तुति में समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को सुंदर नृत्य संयोजन के माध्यम से दर्शाया गया। इसके पश्चात एक-एक कर सभी विद्यालयों के प्रतिभागियों ने मंच पर अपनी प्रस्तुति दी। शास्त्रीय, समकालीन और थीम आधारित नृत्य शैलियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी कला का श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का स्तर इतना उच्च रहा कि निर्णायकों के लिए विजेताओं का चयन करना अत्यंत चुनौतीपूर्ण हो गया।
प्रत्येक प्रस्तुति में भाव, ताल, लय और संदेश का अद्भुत संतुलन देखने को मिला, जिसने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। कड़े मुकाबले के बाद निर्णायकों ने परिणाम घोषित किए, जिसमें श्री ठाकुरद्वारा बालिका विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। डी.डी.पी.एस संजय नगर द्वितीय स्थान पर रहा, जबकि प्रेसीडियम स्कूल ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता विद्यालयों ने निर्धारित थीम पर आधारित ऐसी प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं कि दर्शक लंबे समय तक तालियों की गूंज से सभागार को गुंजायमान करते रहे। निर्णायकों ने सभी प्रतिभागी छात्रों की सराहना करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी कला के माध्यम से समाज को सकारात्मक संदेश देने की क्षमता रखती है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के साथ आगे बढऩे की प्रेरणा दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय की प्रधानाचार्या निवेदिता राणा ने अपने संबोधन में कहा कि ‘वाइब्रेशन’ केवल एक प्रतियोगिता नहीं बल्कि विद्यार्थियों की सृजनात्मक सोच, आत्मविश्वास और मानवीय मूल्यों को मंच प्रदान करने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान देना नहीं बल्कि छात्रों को संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। इस प्रकार के आयोजन बच्चों में टीमवर्क, अनुशासन और सामाजिक जागरूकता विकसित करते हैं।
उप प्रधानाचार्या नम्रता दूबे ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि नृत्य भावनाओं की सबसे सशक्त अभिव्यक्ति है और ‘वाइब्रेशन’ प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने मानवता और सहानुभूति का जो संदेश दिया है, वह अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस मंच ने बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का सुनहरा अवसर प्रदान किया है।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या द्वारा सभी अतिथियों, निर्णायकों, सहभागी विद्यालयों, शिक्षकों एवं छात्रों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन दिया गया। उत्साह, ऊर्जा और भावनात्मक संदेशों से परिपूर्ण ‘वाइब्रेशन’ प्रतियोगिता का समापन शानदार वातावरण में हुआ। यह आयोजन न केवल प्रतिभा प्रदर्शन का मंच बना बल्कि छात्रों के भीतर मानवता, करुणा और सामाजिक संवेदनशीलता के मूल्यों को मजबूत करने वाली एक यादगार सांस्कृतिक पहल के रूप में भी स्थापित हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

















