-जलभराव रोकने के लिए तेज हुआ विशेष अभियान, बड़े नालों की हो रही यांत्रिक सफाई
-पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने मौके पर पहुंचकर लिया कार्यों का जायजा
-महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक का जताया आभार
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मानसून के आगमन से पहले शहर को जलभराव की समस्या से बचाने के लिए नगर निगम ने नालों की सफाई का विशेष अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को डाबर चौक स्थित मुख्य नाले की सफाई अत्याधुनिक मशीनों की सहायता से कराई गई। अभियान का उद्देश्य बरसात के दौरान नालों में पानी के सुचारु प्रवाह को सुनिश्चित करना तथा जलभराव की समस्या को कम करना है।
सफाई अभियान के दौरान वार्ड की पार्षद कुसुम मनोज गोयल स्वयं मौके पर पहुंचीं और चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उनके साथ नगर निगम के सफाई निरीक्षक अशोक पाल भी मौजूद रहे। दोनों ने सफाई कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने कहा कि बरसात से पहले नालों की सफाई बेहद आवश्यक है, क्योंकि समय पर सफाई होने से जलभराव, गंदगी और संक्रामक बीमारियों की आशंका काफी हद तक कम हो जाती है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा शहरभर में चलाया जा रहा यह अभियान आम नागरिकों के हित में एक महत्वपूर्ण पहल है और इससे लोगों को बारिश के मौसम में राहत मिलेगी। उन्होंने इस कार्य के लिए गाजियाबाद की महापौर सुनीता दयाल तथा नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निर्देशन में नगर निगम मानसून से पहले शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए गंभीरता से कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि अभियान के तहत सभी प्रमुख नालों की समय पर सफाई पूरी होने से बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था पहले से अधिक बेहतर होगी।
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नालों और नालियों की सफाई लगातार जारी है। जहां आवश्यकता है वहां बड़ी मशीनों की सहायता से जमे हुए सिल्ट और कचरे को निकाला जा रहा है, ताकि वर्षा के समय पानी का प्रवाह बाधित न हो। नगर निगम का प्रयास है कि मानसून शुरू होने से पहले सभी प्रमुख नालों की सफाई पूरी कर ली जाए, जिससे नागरिकों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े।















