गोलचक्कर हटाकर ट्रैफिक सुधार की तैयारी, सेक्टर-132 में बनेगा कलवर्ट

-10.25 करोड़ रुपये से कलवर्ट, सड़क चौड़ीकरण और नए यू-टर्न का होगा निर्माण
-स्कूल बसों और हाईराइज सोसाइटियों के वाहनों के दबाव से लगने वाले जाम से मिलेगी राहत
-एक्सप्रेसवे जाने वाले वाहनों के लिए अलग प्रवेश मार्ग, मुख्य सड़क पर घटेगा ट्रैफिक दबाव

उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। सेक्टर-132 स्थित गोलचक्कर पर रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम को खत्म करने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने इसे हटाकर नई यातायात व्यवस्था विकसित करने का निर्णय लिया है। परियोजना के तहत यहां कलवर्ट, यू-टर्न और सड़क चौड़ीकरण का कार्य कराया जाएगा। इसके लिए करीब 10.25 करोड़ रुपये के बजट को स्वीकृति मिल चुकी है।

सेक्टर-132 नोएडा का प्रमुख संस्थागत क्षेत्र है, जहां कई शैक्षणिक संस्थान और कार्यालय संचालित हैं। सुबह स्कूल खुलने और दोपहर छुट्टी के समय बड़ी संख्या में स्कूल बसें, कर्मचारियों के वाहन और निजी गाड़ियां इस मार्ग से गुजरती हैं। इसके चलते गोलचक्कर पर अक्सर लंबा जाम लग जाता है। यह मार्ग सेक्टर-129, 130, 133, 134, 135, 168 सहित आसपास की कई हाईराइज सोसाइटियों के निवासियों के लिए भी मुख्य संपर्क मार्ग है। हजारों लोगों के दैनिक आवागमन के कारण यहां ट्रैफिक का दबाव लगातार बना रहता है, जिससे लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगता है। प्राधिकरण का कहना है कि इस परियोजना का मकसद सिर्फ जाम कम करना नहीं, बल्कि पूरे इलाके की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाना है।

सड़क चौड़ी होने और यू-टर्न की नई व्यवस्था लागू होने से वाहनों की आवाजाही बेहतर होगी। साथ ही एक्सप्रेसवे पर जाने वाले वाहनों के लिए अलग और सुविधाजनक प्रवेश मार्ग तैयार किया जाएगा, जिससे मुख्य सड़क पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा। नोएडा प्राधिकरण के जीएम (सिविल) ए.के. अरोड़ा ने बताया कि सेक्टर-132 के मौजूदा गोलचक्कर को हटाकर 45 मीटर चौड़ी सड़क पर कलवर्ट का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही सड़क का विस्तार कर यू-टर्न बनाया जाएगा और एक्सप्रेसवे पर प्रवेश करने वाले वाहनों के लिए सड़क को और चौड़ा किया जाएगा, जिससे यातायात संचालन पहले की तुलना में अधिक सुचारु हो सकेगा।