दुकानों के डिजाइन से लेकर सड़क तक बदलेगी तस्वीर, सेक्टर-110 मार्केट को मिलेगा नया कलेवर

-नई वास्तुशैली में विकसित होगा बाजार, दुकानों के बाहरी हिस्से को भी मिलेगा एक जैसा आधुनिक डिजाइन
-अलग-अलग साइनबोर्ड की अव्यवस्था होगी खत्म, सभी दुकानों के बोर्ड के लिए तय होंगे एक समान मानक
-बारिश में जलभराव से मिलेगी राहत, आधुनिक जल निकासी व्यवस्था को परियोजना में दी गई प्राथमिकता
-पार्किंग व्यवस्था होगी दुरुस्त, वाहनों की आवाजाही आसान बनाने के लिए तैयार होगा नया खाका

उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण सेक्टर-110 स्थित मार्केट को नए और आधुनिक स्वरूप में विकसित करने की तैयारी में जुट गया है। पुराने बाजार को आकर्षक, सुविधाजनक और व्यवस्थित बनाने के लिए प्राधिकरण ने कायाकल्प योजना पर काम शुरू कर दिया है। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य बाजार में आने वाले दुकानदारों और ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को खरीदारी के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्राधिकरण की योजना के तहत सेक्टर-110 मार्केट को नई आर्किटेक्चर शैली के अनुसार विकसित किया जाएगा। इसके बाद बाजार का पूरा परिसर एक समान और व्यवस्थित नजर आएगा। दुकानों के बाहरी हिस्से को भी एक नए डिजाइन में तैयार किया जाएगा, जिससे मार्केट की खूबसूरती बढ़ेगी और इसे एक आधुनिक पहचान मिलेगी। योजना के तहत सभी दुकानों के साइनबोर्ड को एक निर्धारित मानक के अनुसार तैयार किया जाएगा। इससे बाजार में अलग-अलग आकार और डिजाइन के बोर्डों की वजह से होने वाली अव्यवस्था खत्म होगी और पूरे मार्केट को एकरूपता मिलेगी।

इसके अलावा दुकानों के फ्रंट हिस्से की मरम्मत, फसाड लाइटिंग और अन्य सौंदर्यीकरण कार्य भी कराए जाएंगे, जिससे शाम के समय बाजार की रौनक और बढ़ जाएगी। बारिश के मौसम में होने वाली जलभराव की समस्या को देखते हुए प्राधिकरण ने ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत करने की योजना बनाई है। परियोजना में आधुनिक जल निकासी व्यवस्था को सबसे अहम हिस्सा माना गया है। इसके बनने के बाद बारिश के दौरान पानी जमा होने की समस्या को कम किया जा सकेगा और दुकानदारों व ग्राहकों को राहत मिलेगी। पार्किंग व्यवस्था होगी बेहतरमार्केट में पार्किंग की अव्यवस्था को दूर करने के लिए पार्किंग क्षेत्र को भी व्यवस्थित किया जाएगा। वाहनों की आवाजाही को बेहतर बनाने और लोगों को आसानी से पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विशेष योजना तैयार की जा रही है। प्राधिकरण की योजना के अनुसार बाजार के मध्य भाग को विशेष रूप से विकसित किया जाएगा।

यहां उच्च गुणवत्ता वाले ग्रेनाइट फ्लोरिंग का इस्तेमाल कर एक आकर्षक सार्वजनिक प्लाजा तैयार किया जाएगा। इस क्षेत्र में लोगों के बैठने के लिए आधुनिक व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा प्लाजा क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के लिए पौधे लगाए जाएंगे। सजावटी तत्वों, बेहतर लाइटिंग और डस्टबिन जैसी सुविधाओं को भी व्यवस्थित तरीके से लगाया जाएगा, जिससे बाजार साफ-सुथरा और पर्यावरण के अनुकूल दिखाई दे। नोएडा प्राधिकरण का मानना है कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद सेक्टर-110 मार्केट न केवल अधिक सुंदर और आधुनिक दिखाई देगा, बल्कि यहां आने वाले लोगों को बेहतर माहौल और सुविधाएं भी मिलेंगी। यह पहल शहर के पुराने बाजारों को नए स्वरूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।