गाजियाबाद को नई दिशा देने वाले IAS अतुल वत्स संभालेंगे हाथरस जिला, छठ त्यौहार पर शासन से मिला डीएम पद का तौहफा

अपने काम से बोलने वाले उत्तर प्रदेश के युवा IAS अतुल वत्स को हाथरस जिले की कमान सौंपी गई है। शासन ने उन्हें हाथरस जिले का जिलाधिकारी बनाया है। गाजियाबाद में अतुल वत्स का शानदार कार्यकाल रहा है। 1500 करोड़ रुपए के भारी भरकम कर्ज के बोझ तले दबे जीडीए को महज 380 दिनों में कर्ज मुक्त बनाने के साथ 300 करोड़ की एफडीआर प्राधिकरण के नाम से बैंक में जमा कराने वाले अतुल वत्स को चुनौतियों को पसंद करने वाला अधिकारी माना जाता है। गाजियाबाद में हरनंदीपुरम के नाम से नया शहर बसाने की परिकल्पना से लेकर प्रोजेक्ट को धरातल पर उतरने का कार्य अतुल वत्स ने किया। जीडीए की पुरानी दागदार छवि को बदलने का पूरा श्रेय अतुल वत्स को जाता है। इनके कार्यकाल में शहर में विकास कार्य तेजी से कराए गए और जीडीए की कार्य प्रणाली को पारदर्शी बनाया गया। 

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। प्रदेश सरकार ने मंगलवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़े फेरबदल करते हुए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष अतुल वत्स को हाथरस के जिलाधिकारी पद पर नियुक्त किया। उनके स्थान पर रामपुर के मुख्य विकास अधिकारी नंदकिशोर कलाल को जीडीए उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।

अतुल वत्स ने गाजियाबाद में अपने कार्यकाल के दौरान जीडीए का चेहरा बदलने वाला काम किया। उनके नेतृत्व में कई वर्षों से जमी हुई योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा गया। उन्होंने कर्ज के बोझ तले दबे जीडीए को हाल ही में उन्होंने महज 380 दिनों में कर्ज मुक्त किया और 300 करोड़ की एफडीआर कराकर वित्तीय मजबूती सुनिश्चित की।

शहरवासियों और आवंटियों के लिए नई पहल
अतुल वत्स ने आवंटियों की समस्याओं को दूर करने और उन्हें बेहतर सुविधा देने के लिए पहल पोर्टल शुरू किया। इस पोर्टल के माध्यम से आवंटियों को उनके भूखंड और योजना संबंधी सभी जानकारियाँ पारदर्शी और तेज़ी से उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने नई हरनंदीपुरम टाउनशिप के लिए जमीन संबंधी अड़चनों को दूर किया और शहरवासियों के आशियाने का सपना साकार करने के लिए कई भूखंड योजनाओं को धरातल पर लाया। इसके अलावा, उन्होंने अवैध निर्माण पर कड़ी कार्रवाई की और गाजियाबाद के लिए रामायण थीम पार्क जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की आधारशिला रखी।

वित्तीय सुधार और विकास कार्यों में सराहनीय प्रदर्शन
अतुल वत्स ने गाजियाबाद में विकास कार्यों की गति बढ़ाने के लिए जीडीए का खजाना भरने और वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए। उनके नेतृत्व में शहर की कई लंबित योजनाओं को पूरा किया गया और विकास कार्यों में तीव्रता और जिम्मेदारी देखने को मिली। स्थानीय प्रशासन और नागरिकों ने उनके काम को अत्यंत सराहा और इसे शहर के विकास के लिए एक मिसाल बताया। उनके प्रयासों से गाजियाबाद में परियोजनाओं के कार्यान्वयन की प्रक्रिया में नवाचार और पारदर्शिता देखने को मिली।

प्रदेश सरकार ने किया सम्मानित
प्रदेश सरकार ने उनके इस उत्कृष्ट प्रशासनिक प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें हाथरस का जिलाधिकारी नियुक्त किया। अधिकारियों के अनुसार, यह नियुक्ति न केवल अतुल वत्स की कार्यकुशलता और समर्पण का सम्मान है, बल्कि गाजियाबाद में उनके सफल नेतृत्व का प्रमाण भी है।

अतुल वत्स के कार्यकाल में जीडीए की बड़ी उपलब्धियां

जीडीए को 1500 करोड़ के कर्ज से मुक्त किया गया।

शहर में 300 करोड़ रुपये की एफडीआर कराई।

पहल पोर्टल के माध्यम से आवंटियों को सुविधाएं दी गईं।

नई हरनंदीपुरम टाउनशिप की जमीन बाधाओं को दूर किया।

अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई और रामायण थीम पार्क की योजना बनाई।

शहर में विकास कार्यों में पारदर्शिता और गति लाई।