मेयर के शपथ ग्रहण में मेरठ में हुए बवाल के बाद गाजियाबाद में अलर्ट

-नगर आयुक्त ने लिया ऑडिटोरियम में व्यवस्थाओं का जायजा

गाजियाबाद। नगर निगम की नवनिर्वाचित महापौर सुनीता दयाल एवं नव निर्वाचित 100 पार्षदों का शपथ ग्रहण आज शनिवार को शाम पांच बजे नेहरूनगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में होगा। ऑडिटोरियम में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाले पार्षदों से लेकर अन्य लोगों की बगैर पास के एंट्री नहीं होगी। नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ की ओर से पार्षदों को एंट्री पास व कार्ड भेजे गए है। वार्ड-84 से भाजपा पार्षद प्रवीण चौधरी को भेजे गए कार्ड में महापौर व पार्षदगण का शपथ ग्रहण समारोह पांच बजे होने के चलते उपस्थिति होने को कहा गया है। शपथ समारोह के दौरान ऑडिटोरियम के अंदर और बाहर पुलिस फोर्स की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।

मेरठ में शुक्रवार को शपथ ग्रहण समारोह के दौरान वंदे मातरम गान को लेकर एआईएमआईएम के पार्षदों व भाजपा के पार्षदों में चले लात-घूंसे की घटना को दृष्टिगत रखते हएु पुलिस ने ऑडिटोरियम को पूरी तरह से अपने कब्जे में ले लिया हैं। ऑडिटोरियम की सुरक्षा कड़ी करने के लिए पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है। नगर निगम की नई सरकार की तस्वीर तो मतगणना के साथ ही साफ हो गई थी, लेकिन अभी शपथ ग्रहण बाकी था। इसके लिए कई दिनों से महापौर एवं पार्षद भी इंतजार कर रहे थे। शासन ने आदेश जारी करते हुए शपथ ग्रहण को 26 व 27 मई तय करते हुए कहा कि इनमें से किसी एक दिन शपथ ग्रहण कराया जाए। नगर निगम गाजियाबाद ने 27 मई को ही शपथ ग्रहण कराने की योजना बनाई है। नगर निगम पहले से ही तैयारियों में जुटा हुआ था।


शुक्रवार को नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ एवं डीसीपी नगर निपुण अग्रवाल ने अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव, एसीपी नंदग्राम रवि कुमार सिंह, एसीपी एलआईयू प्रिया श्रीपाल, सिहानी गेट थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार शर्मा एवं निगम के नजारत प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह आदि अधिकारियों व पुलिसकर्मियों की मौजूदगी मेें ऑडिटोरियम में पहुंचकर वहां की व्यवस्था का जायजा लिया। नगर आयुक्त ने आज होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए अधिकारियों की भी तैनाती कर दी है। इसके साथ ही जो भी कमी दिखाई दी। उसे जल्द पूरी करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।

वहीं, सुरक्षा की दृष्टि से भारी संख्या में आज पुलिस फोर्स तैनात की जाएगी। नगर निगम के इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है कि नवनिर्वाचित महापौर सुनीता दयाल एवं 100 पार्षद शाम को करीब साढ़े चार बजे शपथ ग्रहण करेंगे। ऑडिटोरियम में आज होने वाले शपथ ग्रहण समारोह को लेकर नगर निगम की ओर से ऑडिटोरियम को पूरी तरह से सजाया गया है। फूलों की माला से लेकर गमले लगाए गए हैं। नगर निगम की ओर से प्रशानिक व्यवस्था की गई है। पुलिस की टीम ने भी सुरक्षा आदि के लिए मोर्चा संभाल लिया है। पुलिस अधिकारियों ने ऑडिटोरियम में पहुंचकर शपथ ग्रहण समारोह में आने वाले लोगों और वीआईपी के लिए एंट्री प्वाइंट को लेकर जायजा लिया।

शपथ समारोह में करीब एक हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसलिए पुलिस की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने ऑडिटोरियम में एंट्री के लिए अलग-अलग ब्लॉक बनाए हैं। वहीं, नगर निगम प्रशासन द्वारा शपथ समारोह को लेकर पूरी तैयारी की जा रही है। नगर निगम की टीम ने रात में भी काम किाय। कर्मचारी रात आधी रात तक पार्षदों के घर एंट्री कार्ड पहुंचाने में लगे रहे। ऐसे में नगर निगम ऑफिस लगभग पूरी रात खुला रहा। दरअसल, पहले एंट्री कार्ड से नहीं करने पर विचार किया गया था। लेकिन पुलिस और नगर निगम के बीच बैठक में तय किया गया कि बिना कार्ड के एंट्री नहीं होगी। इसी को लेकर नई व्यवस्था के हिसाब से एंट्री कार्ड रात को बनवाए गए। कार्ड शाम को नगर निगम कार्यालय में पहुंंचे और कार्ड पर नाम लिखने का कार्य रात में 10 बजे तक चला। इसके बाद नगर निगम कर्मचारियों की कई टीम की कार्ड बांटने में ड्यूटी लगाई गई। शुक्रवार को भी नगर निगम कार्यालय सुबह आठ बजे ही खुल गया। सुबह ही नजारत और अधिष्ठान के अलावा सदन सचिव आदि अधिकारी नगर निगम में पहुंच गए। जहां व्यवस्था बनाने जुटे रहे। वीआईपी लोगों से लेकर मंत्री, विधायक एवं भाजपा के पदाधिकारियों की सूची तैयार कर उन्हें कार्ड वितरित किए गए।

शपथ समारोह के लिए अलग-अलग भागों में वर्गीकृत
ऑडिटोरियम में शपथ समारोह के लिए अलग-अलग भागों में वर्गीकृत किया गया है। वीआईपी गेस्ट सबसे पहली लाइन में होंगे। इसके बगल में ही मीडिया कर्मियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। नवनिर्वाचित महापौर और पार्षदों के बैठने के लिए अलग-अलग पंक्ति में सीट रिजर्व की गई है। इन कुर्सी पर महापौर व पार्षद ही बैठेंगे। महापौर और पार्षदों के परिजनों के बैठने के लिए अलग से कुर्सी रिजर्व की गई हैं। ताकि कोई अव्यवस्था पैदा न हो। नगर निगम और जिला प्रशासन की ओर से यह व्यवस्था की गई है। नगर निगम और पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त रूप से पूरे कार्यक्रम को लेकर तैयारी की है। शपथ ग्रहण समारोह में आज वीवीआई के लिए ऑडिटोरियम में एंट्री की व्यवस्था अलग से होगी। मेरठ मंडल की मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी जे. आज महापौर व पार्षदों को शपथ दिलाने के लिए ऑडिटोरियम में पहुंचेगी। शपथ समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह, जिले के प्रभारी मंत्री असीम अरूण, राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप के अलावा विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, एमएलसी एवं भाजपा के पदाधिकारी के शिरकत करने की उम्मीद हैं। वीआईपी के बैठने की शपथ समारोह में अलग से व्यवस्था की गई है।

निगम अधिकारियों को दी शपथ ग्रहण की जिम्मेदारी
अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव मंच एवं स्वागत संबंधित संपूर्ण व्यवस्थाओं को संभालेंगे। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा कार्ड/शपथ पत्र वितरण, अधिशासी अभियंता (निर्माण) देशराज व सैय्यद अख्तर जैदी शपथ ग्रहण समारोह में आए नवनिर्वाचित पार्षदों को बैठाने की व्यवस्था, जोनल प्रभारी विजय नगर आरपी सिंह और कर अधीक्षक वंसुधरा महेंद्र सिंह अहिरवार महापौर व पार्षदों को शपथ पत्र देना एवं शपथ के उपरांत उनसे हस्ताक्षर कराने की जिम्मेदारी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार शपथ ग्रहण स्थल के आसपास क्षेत्र की सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी, उद्यान प्रभारी अनुज कुमार सिंह शपथ समारोह में आएं आगंतकों के खान-पान व पेयजल की व्यवस्था और मंच पर बुके, माला व साज-सजावट की व्यवस्था दी गई है। कर्नल (ईटीएफ) दीपक शरण, मोहन नगर जोनल प्रभारी राजवीर सिंह, अवर अभियंता (निर्माण), राजेन्द्र सिंह व एसके सरोज शपथ समारोह में वाहनों की पार्किंग व्यवस्था संभालेंगे। यह सभी अधिकारी मंच से लेकर स्वागत,शपथ पत्र वितरण,महापौर व पार्षदों के बैठने की व्यवस्था से लेकर पेयजल व खान-पान,पार्किंग आदि की व्यवस्था संभालेंगे।