बजट 2026-27: देश के विकास का नया अध्याय

-सामाजिक समावेशन, नारी शक्ति और दिव्यांगजन सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल: आशीष गौतम

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। श्री राम वेद सेवा संस्थान (एसआरवीएसएस) के पदाधिकारी आशीष गौतम ने केंद्रीय बजट 2026-27 की सराहना करते हुए इसे देश के विकास और आम नागरिकों के हित में दूरदर्शी और जनकल्याणकारी बताया। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस बजट के माध्यम से आर्थिक सुधारों और सामाजिक उत्थान के बीच संतुलन बनाए रखा है, जो भारत की रिफॉर्म एक्सप्रेस को नई गति देगा और नारी शक्ति के सशक्तिकरण को मजबूती प्रदान करेगा।

आशीष गौतम ने बताया कि बजट में विदेशी यात्रा और शिक्षा पर दी गई राहत देशवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। विदेशी टूर पैकेज पर पहले 5 से 20 प्रतिशत तक लगने वाला टैक्स अब घटाकर केवल 2 प्रतिशत कर दिया गया है, और किसी न्यूनतम राशि की शर्त नहीं रहेगी। साथ ही सरल इनकम टैक्स फॉर्म्स जल्दी ही अधिसूचित किए जाएंगे, जिससे टैक्सपेयर्स के लिए प्रक्रिया और भी आसान हो जाएगी। उन्होंने कहा कि संशोधित इनकम टैक्स रिटर्न अब 31 मार्च तक दाखिल किए जा सकेंगे, जो समय पर कर अनुपालन में सहूलियत देगा।

आशीष गौतम ने रेलवे क्षेत्र में किए गए महात्वाकांक्षी प्रस्तावों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सात नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों का रोल-आउट और ‘कवच’ एंटी-कोलिजन सिस्टम के विस्तार से भारतीय रेलवे पूरी तरह कायाकल्प करेगा। ये कॉरिडोर मुंबई-पुणे, दिल्ली-वाराणसी, हैदराबाद-बेंगलुरु, बेंगलुरु-चेन्नई, दिल्ली-अहमदाबाद, मुंबई-नागपुर और हावड़ा-वाराणसी को जोड़ेंगे। इस कदम से न केवल आर्थिक और औद्योगिक केंद्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी बल्कि देश में रोजगार और व्यापार के अवसर भी बढ़ेंगे।

उन्होंने बजट में उद्योग और तकनीकी क्षेत्र के लिए दिए गए प्रोत्साहनों की भी प्रशंसा की। नागरिक प्रशिक्षण और विमान निर्माण में इस्तेमाल होने वाले घटकों पर कस्टम ड्यूटी में छूट, साथ ही Semiconductor Mission 2.0 के लॉन्च से देश की तकनीकी क्षमता को बढ़ावा मिलेगा। आशीष गौतम ने कहा कि ये पहलें आत्मनिर्भर भारत से विकसित भारत की दिशा में निर्णायक कदम साबित होंगी।