डीसीपी धवल जायसवाल ने किया थाना वेव सिटी का औचक निरीक्षण- पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जनहित सुनिश्चित करने का लिया जायजा

-थाना कार्यालय, मिशन शक्ति केंद्र, अभिलेखागार और सीसीटीएनएस का गहन निरीक्षण
-समयबद्ध शिकायत निस्तारण और महिला सुरक्षा पर विशेष जोर

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी और जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से नगर जोन के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) धवल जायसवाल ने शुक्रवार को थाना वेव सिटी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने थाना परिसर में मौजूद विभिन्न इकाइयों और अभिलेखों की गहन जांच की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस दौरान पुलिस उपायुक्त ने थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस, मिशन शक्ति केंद्र, अभिलेखागार, शिकायत पंजी और रोजनामचा आदि का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने सभी रिकॉर्ड्स को अद्यतन और सुव्यवस्थित रखने पर बल दिया। डीसीपी जायसवाल ने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य पुलिस कार्यप्रणाली की गुणवत्ता का मूल्यांकन करना और जनता से जुड़ी सेवाओं में सुधार लाना है।

उन्होंने थाना स्तर पर जनसुनवाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध और निष्पक्ष रूप से किया जाए ताकि जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और सहयोग की भावना बनी रहे। महिला सुरक्षा को लेकर उन्होंने मिशन शक्ति केंद्र का भी अवलोकन किया और वहां पर मौजूद महिला पुलिस कर्मियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेकर तत्काल कार्रवाई की जाए।

निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने थाना परिसर की स्वच्छता, तकनीकी संसाधनों और कर्मचारियों की उपस्थिति की भी जांच की। उन्होंने बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि थाने का वातावरण जनता के लिए भरोसेमंद और सहयोगी होना चाहिए। अंत में, उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता, शालीनता और दक्षता के साथ जनता की सेवा करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार ही विभाग की छवि को तय करता है, इसलिए प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने कर्तव्यों का पालन पूर्ण निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए।