एमएसएमई को नई ऊँचाई देने के लिए RAMP कार्यक्रम का आयोजन

-सरकारी योजनाओं और वित्तीय सहायता से एमएसएमई को सशक्त बनाने का प्रयास
-UP MSME One Connect पोर्टल: डिजिटल समाधान और प्रशिक्षण से उद्यमियों को लाभ
-पूंजी बाजार और निर्यात अवसरों के माध्यम से एमएसएमई के विकास को मिलेगी नई गति

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के सशक्तिकरण और उनके समग्र विकास के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा में राइजिंग एंड एक्सलेरेटिंग एमएसएमई परफार्मेंस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एमएसएमई इकाइयों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, निर्यात के अवसरों, वित्तीय सहायता, डिजिटल प्लेटफॉर्म तथा गुणवत्ता और प्रमाणन प्रणालियों की विस्तृत जानकारी दी गई।

ग्रेटर नोएडा के एक होटल में आयोजित इस कार्यक्रम में अपर आयुक्त एवं यूपीएसआईसी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राज कमल यादव ने RAMP कार्यक्रम के तहत एमएसएमई पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्होंने UP MSME One Connect डिजिटल प्लेटफॉर्म (www.msme1connect.up.gov.in) की जानकारी देते हुए बताया कि यह पोर्टल एमएसएमई उद्यमियों के लिए एक वन-स्टॉप डिजिटल समाधान के रूप में विकसित किया गया है। इस पोर्टल पर इंसेंटिव कैलकुलेटर, विशेषज्ञों से परामर्श की सुविधा, प्रशिक्षण कार्यक्रम और निर्यात प्रतिस्पर्धा बढ़ाने से जुड़े संसाधन उपलब्ध हैं। कार्यक्रम में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट कृष्णन अय्यर, एनएसई की एसएमई हेड पार्वती मूर्ति और सीनियर मैनेजर निधि माहेश्वरी ने एमएसएमई को पूंजी बाजार से जोड़ने, धन जुटाने की प्रक्रिया और आईपीओ लिस्टिंग के दीर्घकालिक लाभों पर प्रकाश डाला।

उन्होंने बताया कि पूंजी बाजार एमएसएमई के विस्तार और ब्रांड विश्वसनीयता बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकता है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एमएसएमई विभाग के अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार ने सरकार की नीतियों और योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर निदेशालय सामान्य विदेश व्यापार, भारत सरकार के उप महानिदेशक हेमंत कुमार, एमएसएमई मंत्रालय के निदेशक आरके भारती सहित सोनल सग्गी, आदित्य कुशिक मोहन और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।